राजगढ़ में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुआ आयोजन,उत्कृष्ट सेवा देने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को मिले प्रमाण-पत्र
सरदारपुर-राजगढ़। संकल्प सेवा अभियान के अंतर्गत भाजपा महिला मोर्चा विधानसभा सरदारपुर द्वारा राजगढ़ में वृहद् आँगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री माननीया श्रीमती सावित्री ठाकुर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं हितग्राही बहनों का सम्मान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। मंत्री सावित्री ठाकुर ने कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर पुष्पवर्षा के माध्यम से उनका सम्मान किया और उनके समर्पण, सेवाभाव एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
माँ वाग्देवी के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
वृहद् आँगन मिलन कार्यक्रम का शुभारंभ माँ वाग्देवी सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक मनोज सोमानी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रज्ञा ठाकुर, जिला भाजपा मंत्री राकेश पटेल, भूतपूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल, रिंगनोद ग्रामीण मंडल अध्यक्ष आशीष जैन, लाबरिया-राजोद मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र गर्ग, जिला पंचायत सदस्य गायत्री पुरोहित सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पहले राजगढ़ नगर गार्डन में पौधारोपण भी किया गया। इसके बाद मंत्री सावित्री ठाकुर भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचीं।
पुष्पवर्षा से हुआ आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम की विशेष झलक उस समय देखने को मिली जब मंत्री सावित्री ठाकुर हजारों की संख्या में उपस्थित आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचीं। उन्होंने पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं का सम्मान किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
मंत्री ने अपने संबोधन में आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्पण और त्याग के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।
पोषण आहार और महिला-बाल विकास योजनाओं की लगी प्रदर्शनी
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें पोषण आहार एवं मातृ वंदना, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आदिम जाति कल्याण विभाग एवं शिक्षा विभाग से संबंधित गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
'संघर्ष, संकल्प और सेवा सिद्धि के 25 वर्ष' के अंतर्गत विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। अतिथियों ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
सीमा जैन के स्वागत भाषण ने बांधा समां
कार्यक्रम की सूत्रधार एवं जिला उपाध्यक्ष तथा राजगढ़ मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा जैन ने अपने स्वागत भाषण में नारीशक्ति के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की कर्मठता, समर्पण और सेवाभाव से उपस्थित जनसमुदाय को अवगत कराया।
उनके स्वागत भाषण में महिला कार्यकर्ताओं के सामाजिक योगदान और ग्रामीण स्तर पर शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया गया वाचन
भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक मनोज सोमानी ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने सेवा, संकल्प और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।
नन्हें बच्चों की प्रस्तुति ने जीता सभी का दिल
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पोषण आहार को लेकर शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इसी दौरान आंगनवाड़ी के एक बच्चे के जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने स्वयं केक कटवाया। इस भावपूर्ण अवसर ने कार्यक्रम को एक अलग आत्मीयता प्रदान की।
उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मिले प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम में प्रत्येक सेक्टर से उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं हितग्राहियों को मंच से उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सम्मान प्राप्त करने वाली कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा गया।
हितग्राहियों ने मंत्री सावित्री ठाकुर से प्रत्यक्ष संवाद भी किया और अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने योजनाओं से मिले लाभ तथा अपने अनुभवों के बारे में जानकारी दी।
अतिथियों का भी किया गया सम्मान
'अतिथि देवो भवः' की परंपरा का निर्वहन करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा भाजपा महिला मोर्चा द्वारा मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा एवं भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के आयोजन में वर्तमान मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल,पूर्व मंडल अध्यक्ष गिरधारी चौधरी,नवीन बानिया एवं गोपाल सोनी का मार्गदर्शन रहा।
मंच सज्जा की जिम्मेदारी जिला महिला मोर्चा कोषाध्यक्ष अनिता बानिया ने संभाली। जिला महिला मोर्चा लाभार्थी प्रकोष्ठ की सदस्य मिनाक्षी राय खल्या की भी आयोजन में भूमिका रही।
आयोजन से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान में जिला मीडिया प्रभारी भाजपा महिला मोर्चा दीपिका ठाकुर, पार्षद रमेश राजपूत एवं शुभम जोकसन का सहयोग रहा।
विभागीय अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी अजमेरसिंह गौड़, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सरदारपुर,एसडीओपी विश्वदीप परिहार,टीआई समीर पाटीदार,प्रभारी परियोजना अधिकारी सत्यनारायण मकवाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनियों के प्रबंधन में रीना कटारा,अनुराधा वास्केल एवं पवन सोलंकी की भूमिका रही। शिक्षा विभाग की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी विष्णु रघुवंशी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य सुनील ओस्तवाल, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से वैभव पटेल एवं सुशील कुमार जैन तथा विपीन पांडे का सहयोग रहा।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री राकेश पटेल,जमना भूरिया,निर्मला हटीला,मनोज माहेश्वरी, रजनी जायसवाल,प्रितम सिंह ठाकुर,पंकज बारोड़,कंकु शंभु सिंह परवार,दीपाली पांडे,रितु सोनी,मुकेश खिमुर,हेमलता मामा एवं रोमा धर्मेंद्र मंडलोई सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शिरीन कुरैशी ने किया।
राजगढ़ में महिला शक्ति और सेवा भावना का दिखा संगम
वृहद् आँगन मिलन कार्यक्रम में सम्मान,संवाद, प्रदर्शनी,पौधारोपण और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से सेवा एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को केंद्र में रखते हुए उनके कार्य और सेवाभाव को सम्मान दिया गया।



