भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा-संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंत्रालय में अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल राजनीतिक और संवैधानिक दायित्वों की अवधि नहीं हैं, बल्कि यह निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी यात्रा रही है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी संवैधानिक यात्रा अब एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंची है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को अपने कार्य का प्रमुख आधार बनाया। देश के विकास और लोकतंत्र को मजबूत करने में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा-संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा।
अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अभियान को जनभागीदारी और जनसंवाद का माध्यम बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जिलों की विकास पुस्तिकाएं लोगों तक पहुंचाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चल रहे जन-विश्वास अभियान की गतिविधियों को भी सेवा-संकल्प अभियान के साथ जोड़ा जाए। अभियान के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को सभी जिलों में जनकल्याण और जनसंवाद से जुड़ी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएं।
प्रदेश के नवाचारों को अभियान में प्रमुखता से प्रदर्शित और प्रोत्साहित करने के साथ सभी जिलों में तैयार की गई विकास पुस्तिकाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से अपने-अपने विभागों तथा प्रभार वाले जिलों में अभियान की नियमित समीक्षा करने को कहा। प्रत्येक जिले में कार्यक्रमों की तिथिवार कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जहां लाभार्थियों से संपर्क किया जाना है, वहां संबंधित योजनाओं के अनुसार लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने तथा जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को सेवा-संकल्प अभियान में ऐसा मॉडल प्रस्तुत करना चाहिए, जिसे देश में सुशासन, सेवा और जनभागीदारी के उदाहरण के रूप में देखा जा सके।
महाकाल महालोक में 17 सितंबर को होगा दीप प्रज्ज्वलन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को उज्जैन के महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित करने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा प्रदेश में उन स्थानों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महत्वपूर्ण परियोजनाओं या कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया है अथवा प्रदेश को महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं।
मुख्यमंत्री ने सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की प्रस्तुति अहमदाबाद अथवा वडनगर में आयोजित करने की बात भी कही।
नर्मदा परियोजना और सरदार सरोवर बांध से जिन जिलों के सामाजिक और आर्थिक जीवन में बदलाव आया है, वहां नर्मदा परियोजना पर केंद्रित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी तरह केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से लाभान्वित क्षेत्रों में इन परियोजनाओं से जुड़े कार्यों और पहल की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
प्रदेश में विकसित प्रमुख सड़क परियोजनाओं से यातायात की सुविधा और आर्थिक गतिविधियों में आए बदलाव को भी अभियान के दौरान प्रचारित किया जाएगा।
सेवा-संकल्प अभियान में होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि एक माह चलने वाले सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शामिल हैं:
आशीर्वाद का दीया
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत
नमो सेवा गाथा
आंगन का उत्सव
कहानी बदलाव की
विकसित भारत संकल्प यात्रा
सेवा ज्योति यात्रा
वडनगर से वाराणसी
सेवा मेरा योगदान
सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार
रंगोली राष्ट्र
राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज
जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक
आशीर्वाद का दीया
आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में प्रत्येक दीपक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा।
इसमें परिवारों से दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त संख्या में दीपक उपलब्ध कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थियों को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच देशभर में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। स्कूल शिक्षा विभाग इसका नोडल विभाग होगा, जबकि उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सहयोग करेंगे।
सरकारी और निजी स्कूलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों तथा विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
नमो सेवा गाथा
नमो सेवा गाथा के माध्यम से पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्य, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
इसके लिए सरल, भावनात्मक और संगीतमय नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से गांव-गांव तक संदेश पहुंचाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम का नोडल विभाग संस्कृति विभाग होगा तथा सामाजिक न्याय विभाग सहयोग करेगा।
आंगन का उत्सव
25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन का उत्सव आयोजित होगा। इसमें बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और सामुदायिक सेवा से जुड़े विषयों को सरल कहानियों और संवाद के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
महिला कल्याण, बाल विकास, शिक्षा और कुपोषण से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। योजनाओं से लाभ प्राप्त करने वाली महिलाएं अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगी।
प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा दीदियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर दो से तीन लाभार्थी माताओं का भी सम्मान किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का नोडल विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग रहेगा और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सहयोग करेगा।
कहानी बदलाव की
कहानी बदलाव की कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से सकारात्मक बदलाव का अनुभव करने वाले नागरिकों और लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा।
इसके लिए नागरिकों और लाभार्थियों को अपनी प्रेरणादायी कहानियां भेजने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस गतिविधि का नोडल विभाग जनसंपर्क विभाग रहेगा।
विकसित भारत संकल्प यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत ऐसे स्थानों को प्रमुखता दी जाएगी, जहां लोगों के जीवन, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था,आधारभूत सुविधाओं या अवसरों में वास्तविक बदलाव दिखाई देता है।
इन स्थानों से इन्फ्लुएंसर्स को जोड़कर विकास से जुड़ी वास्तविक कहानियों को देशभर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस गतिविधि में जनसंपर्क, पर्यटन और संस्कृति विभाग सहयोग और समन्वय करेंगे।
सेवा ज्योति यात्रा
सेवा ज्योति यात्रा के अंतर्गत गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
यात्राओं का उद्देश्य पिछले 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करना और विकसित भारत 2047 के लिए सामूहिक संकल्प लेना होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भागीदारी से इन यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
वडनगर से वाराणसी तक जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा
वडनगर से वाराणसी तक जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा के अंतर्गत 10 टोलियां वाराणसी की ओर जाएंगी और इनके मार्ग अलग-अलग होंगे। इसी तरह वाराणसी से वडनगर आने वाली 10 टोलियों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे।
इस व्यवस्था के माध्यम से यात्रा को अधिक से अधिक क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास होगा। प्रत्येक गांव या यात्रा पड़ाव पर स्थानीय नागरिकों के साथ सहज संवाद और बातचीत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा मेरा योगदान
सेवा मेरा योगदान अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें प्रत्येक नागरिक को समाज सेवा से जुड़ी गतिविधियों में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
अभियान में रक्तदान शिविर, पौधरोपण, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य जांच शिविर, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, कचरा पृथक्करण और कम्पोस्टिंग तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
नागरिक अपने घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल, कार्यस्थल या किसी सार्वजनिक स्थान पर सेवा गतिविधि कर सकेंगे। नदी घाटों और रिवर फ्रंट की साफ-सफाई को भी विशेष रूप से अभियान में शामिल किया जाएगा।
इन गतिविधियों में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सभी आयु वर्ग के नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास होगा।
सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार
सेवा सेतु अभियान के तहत जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में राज्य और केंद्र सरकार की ऐसी योजनाओं को शामिल किया जाएगा, जो सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हैं।
प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में सेवा सेतु केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने, आवेदन कराने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
रंगोली राष्ट्र
रंगोली राष्ट्र के तहत घर-घर से राष्ट्र तक आभार और संकल्प की रंगोली बनाई जाएगी। एक निर्धारित दिन देश के अधिकतम प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा।
रंगोली में केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत की संकल्पना को विषय बनाया जाएगा। स्थानीय रंग और शैली के माध्यम से रंगोली को तैयार किया जाएगा।
राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज
राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स, कॉरपोरेट इनोवेटर्स और जमीनी स्तर पर नए समाधान तैयार करने वाले लोगों को जोड़ा जाएगा।
इसके लिए क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क, इनक्यूबेशन सेंटर और निजी कंपनियों को भी इसमें सहभागी बनाया जाएगा।
कार्यक्रमों में प्रदर्शनी, लाइव डेमो, युवा संवाद, विशेषज्ञ सत्र और पुरस्कार जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
17 अक्टूबर को होगा जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट
सेवा-संकल्प अभियान का प्रमुख कार्यक्रम जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक 17 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में देशभर से सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में वंदे मातरम् के सभी छह छंदों का सामूहिक गायन कराने और इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल पर वीडियो प्रस्तुति होगी। प्रधानमंत्री का संबोधन भी प्रस्तावित है। इसके बाद उनके नेतृत्व में सभी लोग विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लेंगे।


