राजगढ़/धार। धर्मनगरी राजगढ़ शनिवार को उस समय पूरी तरह भागवतमय हो उठी,जब श्रीमद् भागवत महापुराण महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर नगर के 13 प्रमुख मंदिरों में एक साथ पोथीजी की स्थापना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और आरती की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने भागवत महापुराण का पूजन कर धर्मलाभ लिया। मंदिरों में आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण भी किया गया।
इस अनूठे आयोजन की खास बात यह है कि रविवार से नगर के 13 मंदिरों में एक साथ 13 व्यासपीठों पर श्रीमद् भागवत कथा का वाचन शुरू होगा। यानी एक ही शहर में अलग-अलग मंदिरों से एक साथ भागवत कथा की ज्ञानगंगा प्रवाहित होगी। इसे राजगढ़ की धार्मिक परंपरा और सामूहिक आस्था का विशेष आयोजन माना जा रहा है।
एक साथ 13 व्यासपीठों से होगा भागवत कथा वाचन
श्रीमद् भागवत महापुराण महोत्सव के तहत श्री लालबाई फूलबाई मंदिर में कथावाचक श्री चंद्रप्रकाश दवे लाबरिया, श्री राधाकृष्ण राजपूत समाज मंदिर में आचार्यश्री कृष्णकांतजी उपाध्याय छड़ावद, तीन बत्ती स्थित श्रीराम मंदिर में पंडित सुनील शास्त्री भानगढ़, श्रीराम मंदिर दलपुरा में श्री मधुसूदनजी शर्मा फूलगांवड़ी, श्री चारभुजा मंदिर में ज्योतिषाचार्य श्री सुभाषजी शर्मा दत्तीगांव, श्री माताजी मंदिर में श्री हेमंतजी भारद्वाज, देववंशीय मालवीय लौहार समाज श्रीराम मंदिर में पंडित प्रकाशजी शर्मा सोनगढ़, मंडी प्रांगण स्थित श्री नागेश्वर महादेव मंदिर में पंडित अखिलेशजी शर्मा कंजरोटा, श्री राधाकृष्ण गवली समाज मंदिर में पंडित अभिमन्युजी शर्मा सोनगढ़, सेन समाज मंदिर में श्री शुभम शर्मा राजोद, श्रीआईमाता मंदिर में श्री रवि शर्मा, श्री रामदेव मंदिर में श्री अभिषेकजी व्यास बालौदा तथा श्री शंकर मंदिर मालीपुरा में पंडित आनंदजी तिवारी द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा।
22 सितंबर को निकलेगी सामूहिक डोल यात्रा
श्री चारभुजा युवा मंच के मीडिया प्रमुख प्रभुसिंह राजपूत ने बताया कि श्रीमद् भागवत महापुराण महोत्सव के तहत 22 सितंबर को श्री चारभुजा युवा मंच के नेतृत्व में नगर में सामूहिक डोल यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ नगरवासी शामिल होंगे।
इसके बाद 23 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर सामूहिक श्रीकृष्ण जन्म जुलूस निकाला जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और समाजजनों में उत्साह का माहौल है।
26 सितंबर को निकलेगी भव्य धर्मयात्रा
महोत्सव के समापन अवसर पर 26 सितंबर को श्री चारभुजा युवा मंच के तत्वावधान में भव्य धर्मयात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार धर्मयात्रा में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार शामिल होकर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसे लेकर मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
13 मंदिर,13 व्यासपीठ और एक साथ भागवत की गूंज
राजगढ़ के लिए यह आयोजन इसलिए भी खास है कि नगर के अलग-अलग मंदिरों में एक ही समय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन हो रहा है। 13 मंदिरों में विराजी पोथीजी और 13 व्यासपीठों से होने वाला कथा वाचन नगर की धार्मिक एकजुटता और सामूहिक आस्था का अनूठा दृश्य प्रस्तुत करेगा।
आयोजकों ने नगरवासियों से श्रीमद् भागवत महापुराण महोत्सव के विभिन्न धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।


