राजगढ़ (धार)। जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर मंगलवार को राजगढ़ नगर श्रद्धा,भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। नगर में विभिन्न मंदिरों की सामूहिक डोल यात्रा निकाली गई,जिसमें भगवान लड्डू गोपाल की मनमोहक प्रतिमाएं विराजित रहीं। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली डोल यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
श्रीमाताजी मंदिर से शुरू हुई सामूहिक डोल यात्रा
जलझूलनी एकादशी पर सामूहिक डोल यात्रा का शुभारंभ शाम 4 बजे श्रीमाताजी मंदिर से हुआ। इसके बाद नगर के विभिन्न मंदिरों की डोल यात्रा इसमें शामिल होती गई। यात्रा में देववंशीय लौहार समाज के श्रीराम मंदिर, श्री सेन समाज मंदिर,श्री गवली समाज मंदिर,तीन बत्ती स्थित श्रीराम मंदिर,श्री चारभुजा मंदिर,श्री लालबाई-फूलबाई माताजी मंदिर,श्री राधाकृष्ण राजपूत समाज मंदिर एवं श्री रामदेव चारण समाज मंदिर की डोल शामिल हुई।
सभी डोल में भगवान लड्डू गोपाल की आकर्षक प्रतिमा विराजित थी। अलग-अलग मंदिरों की डोल के एक साथ शामिल होने से सामूहिक डोल यात्रा ने धार्मिक और भक्तिमय स्वरूप ले लिया।
घर-घर हुआ भगवान लड्डू गोपाल का स्वागत
सामूहिक डोल यात्रा राजगढ़ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं ने घरों से बाहर आकर डोल में विराजित भगवान लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोल यात्रा का स्वागत किया।
बैंड पर गूंजते भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते नजर आए। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही और वातावरण भगवान के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रीमाताजी मंदिर में हुई सामूहिक आरती
नगर भ्रमण के बाद सामूहिक डोल यात्रा पुनः श्रीमाताजी मंदिर पहुंची। यहां सभी मंदिरों की डोल की सामूहिक आरती की गई। आरती के बाद बजाज परिवार की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
प्रसादी वितरण के बाद सभी मंदिरों की डोल अपने-अपने प्रारंभिक स्थानों के लिए रवाना हुई।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
सामूहिक डोल यात्रा में श्री चारभुजा युवा मंच के पदाधिकारियों सहित सनातन धर्म से जुड़े बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जलझूलनी एकादशी पर आयोजित इस सामूहिक डोल यात्रा के दौरान राजगढ़ का वातावरण पूरे समय भक्तिमय बना रहा।
जानकारी श्री चारभुजा युवा मंच मीडिया प्रभारी प्रभुसिंह राजपूत ने दी।


