धार में 6 लाख से अधिक दीयों से सेवा संकल्प,किला मैदान में 2 लाख दीपों से साकार हुआ भारत






 


  धार । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत धार जिले में सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। अभियान के पहले दिन जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर 6 लाख से अधिक दीये जलाकर सेवा संकल्प लिया गया।

 जिला मुख्यालय धार में नगर पालिका परिषद धार की ओर से किला मैदान में शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

  कार्यक्रम में विधायक नीना वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

2 लाख दीयों से बना ‘भारत’ और ‘सेवा संकल्प’

  किला मैदान में करीब 2 लाख दीये जलाए गए। इन दीपों की आकर्षक सजावट के माध्यम से ‘भारत’ और ‘सेवा संकल्प’ की भव्य आकृति तैयार की गई। दीपों से जगमगाता किला मैदान कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

 कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा और जनकल्याण के प्रति संकल्प व्यक्त किया। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता से पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

सेवा और जनकल्याण के प्रति सहभागिता का संदेश

 केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण की भावना के साथ मनाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य करना है।

 उन्होंने कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से सेवा की भावना को व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने और जरूरतमंदों की सहायता के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

17 अक्टूबर तक चलेंगी सेवा गतिविधियां

 सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत धार जिले में 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न विभागों और संस्थाओं के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 जिला प्रशासन की ओर से अभियान के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 किला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीपों से बनाई गई ‘भारत’ और ‘सेवा संकल्प’ की आकृति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना भी की गई।