राजगढ़ (धार)। धार जिले के सरदारपुर तहसील अंतर्गत राजगढ़ में 21 अगस्त को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत बड़ा जनसंवाद एवं समस्या निराकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिव वाटिका, मेला मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रशासन आम लोगों की शिकायतें सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान करेगा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को शिविर स्थल पर ही लाभ प्रदान किया जाएगा।
यह अभियान प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाने और सरकारी सेवाओं को समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
राजगढ़ में किन समस्याओं का होगा समाधान?
कार्यक्रम के दौरान कई विभागों की संयुक्त टीम मौजूद रहेगी, जो अलग-अलग योजनाओं और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करेगी। इनमें प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतें,जनसुनवाई के प्रकरण,लोक सेवा गारंटी अधिनियम के मामले,नामांतरण,सीमांकन,बंटवारा,किसान फार्मर आईडी,आयुष्मान कार्ड,समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना,जल जीवन मिशन,आंगनवाड़ी सेवाएं,स्वास्थ्य सुविधाएं,स्कूल-कॉलेज,खाद-बीज उपलब्धता और राशन वितरण से जुड़े मामलों का निराकरण किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा मौके पर लाभ
प्रशासन ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए हैं कि पात्र हितग्राहियों की पहले से पहचान कर उन्हें शिविर में बुलाया जाए, ताकि योग्य लोगों को वहीं पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा सके।
सार्वजनिक परिसंपत्तियों का भी होगा निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत केवल शिकायतों का समाधान ही नहीं होगा,बल्कि सड़कों,तालाबों,अमृत सरोवरों, बांधों,जल जीवन मिशन की संरचनाओं,शासकीय भवनों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निरीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही सरकारी संस्थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।
कलेक्टर ने दिए विशेष निर्देश
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे फील्ड में रहकर सीधे आम लोगों से संवाद करें और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कानून-व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, संबल योजना और अन्य हितग्राही योजनाओं की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
आगे इन तहसीलों में भी लगेंगे जन-विश्वास शिविर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत धार जिले में आगामी शिविरों का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा।
* 18 सितंबर – मनावर
* 25 सितंबर – धरमपुरी
* 9 अक्टूबर – तिरला
* 16 अक्टूबर – नालछा
* 23 अक्टूबर – डही
* 30 अक्टूबर – निसरपुर
* 6 नवंबर – बाग
* 13 नवंबर – उमरबन
* 20 नवंबर – गंधवानी
* 27 नवंबर – मुलथान
* 4 दिसंबर – धामनोद
* 11 दिसंबर – राजोद
* 18 दिसंबर – पीथमपुर
* 8 जनवरी 2027 – अंतिम शिविर
नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें, समस्याएं और सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरण लेकर शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें, ताकि उनका समाधान समय पर हो सके।

