राजगढ़ (धार) | नगर परिषद राजगढ़ के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) संतोष चौहान ने आज शहर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य परियोजनाओं की गति और गुणवत्ता को परखना तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
सीएमओ ने सबसे पहले रेलियां डेम का दौरा किया और अमृत 2.0 योजना के तहत निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि फिल्टर प्लांट के निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, "नगरवासियों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। कार्य की रफ्तार बढ़ाई जाए और इसे निर्धारित समय-सीमा में ही पूरा किया जाए।"
इसके बाद सीएमओ ने वार्ड क्रमांक 03 स्थित टेंचिंग ग्राउंड (कचरा डंपिंग साइट) का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कचरा प्रबंधन, सेग्रीगेशन और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए तथा इसके आस-पास के क्षेत्रों में दुर्गंध या स्वच्छता संबंधी कोई परेशानी न हो। डंपिंग साइट पर स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। इस दौरान नगर निकाय के उपयंत्री एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
CMO संतोष चौहान का कहना है :"नगर का विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना हमारा मुख्य लक्ष्य है। अमृत 2.0 के तहत बन रहा फिल्टर प्लांट शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगा। सभी अधिकारी और निर्माण एजेंसियां पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ काम समय पर पूरा करें।"


