BREAKING NEWS
latest
TIMES OF MALWA
DIGITAL SERVICES
PR • MEDIA PROMOTION • SEO • NEWS COVERAGE • CGI ADS • SOCIAL MEDIA
TIMES OF MALWA
PR • SEO • CGI ADS • NEWS PROMOTION
VISIT NOW

राजगढ़ में उमड़ेगा आस्था का सैलाब : 1100 कलशों की भव्य यात्रा के साथ श्रीराम कथा का विराट शुभारंभ कल,संतों का महा-संगम और सामूहिक विवाह का ऐतिहासिक आयोजन








  राजगढ़। धर्मनगरी राजगढ़ एक बार फिर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति के रंग में रंगने जा रही है। सोमवार, 4 मई से नगर में भव्य धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू होगा, जिसमें श्रीराम कथा, संतों का सान्निध्य और सामाजिक समरसता के प्रतीक कई कार्यक्रम शामिल हैं। श्री महावीर हनुमान गौशाला मंदिर ट्रस्ट मोयाखेड़ा एवं संत रविदास ट्रस्ट मंडल राजगढ़ द्वारा सर्व समाज के सहयोग से आयोजित इस महाआयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। विशेष बात यह है कि आयोजन के दौरान निःशुल्क सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जो सामाजिक एकता का संदेश देगा।

भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ

 आयोजन की शुरुआत सोमवार सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। राजगढ़ के ‘पांच धाम एक मुकाम’ श्री माताजी मंदिर से निकलने वाली इस यात्रा में 1100 कलश शामिल होंगे और हजारों श्रद्धालु इसकी शोभा बढ़ाएंगे। बैंड-बाजों और भक्ति गीतों के साथ निकलने वाली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मार्केटिंग सोसायटी ग्राउंड पहुंचेगी, जहां से आगे के धार्मिक कार्यक्रम प्रारंभ होंगे।

  इस पावन यात्रा में सिंगेश्वर धाम के काशीगिरी जी महाराज के परम शिष्य महंत श्री रामेश्वरगिरिजी महाराज, रामपालकी धाम के सर्वेश्वरदासजी महाराज के परम शिष्य प्रेमदासजी महाराज, श्री महावीर हनुमान गौशाला मोयाखेड़ा के प्रेरणास्रोत ब्रह्मलीन संत श्री रामशंकर दास जी महाराज के शिष्य एवं गौशाला संस्थापक महंत श्री रामप्रकाशदास जी महाराज, मोहनखेड़ा तीर्थ से दादा गुरुदेव राजेंद्र सूरीश्वरजी म.सा. के उपासक संत श्री जीतचंद्र विजय जी महाराज साहब सहित अनेक संत विशेष रूप से शामिल होंगे।

श्रीराम कथा के लिए तैयार विशाल वातानुकूलित पांडाल

   श्रीराम कथा के आयोजन के लिए मार्केटिंग सोसायटी ग्राउंड पर लगभग 1500 स्क्वेयर फीट का विशाल वातानुकूलित पांडाल तैयार किया गया है। यहां माताजी मंदिर के ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम जी भारद्वाज के मुखारविंद से 4 मई से 12 मई तक श्रीराम कथा का वाचन होगा। प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से शाम 4 बजे तक श्रद्धालु कथा का रसपान कर सकेंगे।

  भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। कथा श्रवण के दौरान कूलर, ठंडा पानी और मौसम के अनुरूप अल्पाहार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही प्रतिदिन शाम को भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।

संत कमल किशोर नागर की उपस्थिति और विशेष आयोजन

  आयोजन समिति के सदस्य लक्ष्मण डामेचा के अनुसार, इस भव्य धार्मिक आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। श्रीराम कथा के दौरान मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध संत कमल किशोर नागर जी एवं उनके पुत्र प्रभुजी नागर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।

  इसके साथ ही 8 से 12 मई तक प्रतिदिन प्रातः 8:30 से 11:30 बजे तक श्रीराम नाम जप महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का समापन 13 मई को सर्व समाज के निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन और भव्य नगर चौरासी के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन भाग लेंगे।

सामाजिक समरसता और भक्ति का संगम

  यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और एकता का भी संदेश देता है। विभिन्न संतों की उपस्थिति और सर्व समाज की भागीदारी इसे एक विशाल जनआंदोलन का रूप दे रही है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी संतों को आमंत्रित किया है और धर्मप्रेमी जनता से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।


« PREV
NEXT »