BREAKING NEWS
latest
TIMES OF MALWA
DIGITAL SERVICES
PR • MEDIA PROMOTION • SEO • NEWS COVERAGE • CGI ADS • SOCIAL MEDIA
TIMES OF MALWA
PR • SEO • CGI ADS • NEWS PROMOTION
VISIT NOW

नई दिल्ली : नीट-यूजी परीक्षा-2024 में की गई गड़बड़ियों के खिलाफ़ एबीवीपी का एनटीए मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन

 


  नीट - यूजी परीक्षा में अनियमितता की जांच सीबीआई से कराने की मांग

  नई दिल्ली - अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सोमवार को एनटीए द्वारा आयोजित नीट - यूजी परीक्षा - 2024 के जारी किए गए परिणामों में आई व्यापक स्तर पर गड़बड़ी के खिलाफ़ दिल्ली के ओखला स्थित एनटीए के मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है साथ ही एनटीए की सभी परीक्षाओं को पारदर्शी करने की मांग के लिए विभिन्न आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

   विदित हो कि हाल ही में एनटीए द्वारा नीट- यूजी - 2024 परीक्षा के परिणाम जारी किए गए थे। जारी किए गए परिणामों में व्यापक स्तर पर गड़बड़ी तथा अनियमितता सामने निकलकर आई है। जारी किए गए परिणामों में प्रथम स्थान पर 67 छात्र एक साथ आए हैं तो वहीं इन प्रथम स्थान के 7 छात्र हरियाणा के एक ही सेंटर से आते हैं। छात्रों ने पेपर लीक की भी संभावना जताई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इन सारे विषयों पर संज्ञान लेते हुए नीट - यूजी - 2024 परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ़ एनटीए मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया तथा प्रशासन से मिलकर इस मामले की जांच सीबीआई से करवाए जाने, जिन छात्रों को ग्रेस मार्क्स प्रदान किए गए उनकी स्पष्ट जानकारी साझा करने, भविष्य में परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा बढ़ाने, परीक्षा सरकारी केंद्र पर अयोजित करने एवं सरकार द्वारा नियुक्त परीक्षा निरीक्षकों / पर्यवेक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त करने की मांग रखी।

  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय मंत्री शिवांगी खरवाल ने कहा कि, पिछले कुछ समय से गड़बड़ियों को देखते हुए यह प्रतीत होता है कि एनटीए एक भ्रष्ट संस्था हो चुकी है। इस संस्था द्वारा आयोजित हो रही लगभग हर एक परीक्षा में कोई न कोई गड़बड़ी सामने निकलकर आ रही है। अभी हाल ही में नीट- यूजी के जारी हुए परिणामों में प्रथम स्थान पर 67 छात्रों का आना तथा उसमें भी 7 छात्रों का एक ही केंद्र होना मात्र संयोग नहीं हो सकता। यह दिखाता है कि यह संस्था भ्रष्टाचार में लिप्त होकर काम कर रही है। हम प्रशासन से इसकी सीबीआई जांच की मांग रखते हैं तथा आगे ऐसी स्थिति पैदा न हो इसकी स्पष्टता तथा सुनिश्चितता करने के लिए बिंदुवार अन्य मांगे भी हमने प्रशासन से की हैं।

  अभाविप दिल्ली के प्रांत मंत्री हर्ष अत्री ने कहा कि, हाल ही में जारी किए गए नीट यूजी के परिणामों में आई व्यापक स्तर पर गड़बड़ियां सूचित करती है कि एनटीए संस्था किस प्रकार से अनियमित तथा भ्रष्टाचार में लिप्त होकर काम कर रहा है। आज हमने नीट यूजी परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर एनटीए मुख्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया है तथा एनटीए प्रशासन से मिलकर इन गड़बड़ियों को त्वरित रूप से दूर करने की मांग रखी है।

  इस विरोध प्रदर्शन में अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी तथा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ सचिव अपराजिता सहित सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।

« PREV
NEXT »