BREAKING NEWS
latest
TIMES OF MALWA
DIGITAL SERVICES
PR • MEDIA PROMOTION • SEO • NEWS COVERAGE • CGI ADS • SOCIAL MEDIA
TIMES OF MALWA
PR • SEO • CGI ADS • NEWS PROMOTION
VISIT NOW

हर घर तिरंगा में विभिन्न गतिविधियों के साथ प्रदेश हुआ तिरंगामय,राष्ट्रीय ध्वज के प्रति चौतरफा जन-जागरण जारी




  आजादी के अमृत महोत्सव में "हर घर तिरंगा'' अभियान प्रदेश में पूरे जोश के साथ संचालित हो रहा है। राजधानी भोपाल सहित सभी नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों के चलते पूरा प्रदेश तिरंगामय दिख रहा है। इन गतिविधियों में अनेक नवाचार भी हुए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियाँ हासिल की है। इसमें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा तिरंगे के इतिहास पर स्कूली छात्र-छात्राओं की ली गई क्लास, भोपाल की बड़ी झील में क्रूज पर फहराया गया तिरंगा, सभी नगरों से लेकर पंचायत स्तर पर तिरंगा यात्रा, रैली, पौध-रोपण, रक्तदान, मेडिटेशन के साथ देशभक्ति को प्रर्दशित करती मानव श्रंखला एवं छात्र-छात्राओं द्वारा निर्मित राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की आकृति शामिल हैं।  


  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की प्रदेशवासियों से अभियान को सफल बनाने में जन-भागीदारी की अपील काफी कारगर साबित हुई है। इसके परिणामस्वरूप अभियान में मंत्रि-परिषद के सदस्य, सांसद, विधायक और पंचायत एवं नगरीय निकायों के नव-निर्वाचित जन-प्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों, धर्मगुरूओं सहित शासकीय विभागों और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा पिछले एक सप्ताह से सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है। "हर घर तिरंगा" के लिये प्रतिदिन हो रही गतिविधियों ने पूरे प्रदेश को तिरंगामय कर दिया है।


  मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जन-प्रतिनिधियों, समाज के हर वर्ग के नागरिकों, छात्र-छात्राओं, समाज-सेवी संगठनों से कहा है कि देश ने संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान से आजादी पाई है। आजादी के संघर्ष में अपना सर्वस्व बलिदान कर देने वाले शहीद,स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्मरण कर उनसे प्रेरणा लेने के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि "हर घर तिरंगा'' अभियान ने आनंद और उत्साह से आजादी का पर्व मनाने का अवसर प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 13 से 15 अगस्त की अवधि में अपने घर में तिरंगा झण्डा लहराने की अपील की है।


  राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के प्रति प्रदेशवासियों को जागरूक करने की जा रही विभिन्न गतिविधियों से प्रदेश के हर नागरिक के दिल और दिमाग में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश-भक्ति का जज्बा पैदा हुआ है। नगर से लेकर गाँव तक आमजन ने तिरंगे को आन-बान-शान से अपने घर पर लहराने का संकल्प लिया है। प्रदेश के महिला स्व-सहायता समूह द्वारा बड़ी मात्रा में तिरंगे बनाये जा रहे हैं, जिन्हें स्थानीय प्रशासन द्वारा आमजन को सशुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।


  सभी जिलों में जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जन-प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों, शैक्षणिक एवं सामाजि‍क संस्थाओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ हर घर तिरंगा अभियान की संयुक्त गतिविधियाँ लगातार की जा रही हैं। जन-संचार माध्यमों ने भी अभियान के प्रति सभी वर्गों में जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। पुलिस विभाग द्वारा थाना स्तर पर नागरिकों एवं स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा यात्रा और रैली निकाल कर अभियान के प्रति जन-जागरूकता का कार्य किया जा रहा है।

« PREV
NEXT »