BREAKING NEWS
latest
TIMES OF MALWA
DIGITAL SERVICES
PR • MEDIA PROMOTION • SEO • NEWS COVERAGE • CGI ADS • SOCIAL MEDIA
TIMES OF MALWA
PR • SEO • CGI ADS • NEWS PROMOTION
VISIT NOW

पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा,आगरा और बुलंदशहर में वर्चुअल रैली को संबोधित किया

 

  उत्तरप्रदेश: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के मथुरा, आगरा और बुलंदशहर में एक वर्चुअल जन चौपाल को संबोधित किया। पीएम मोदी ने महान गायिका लता मंगेशकर के निधन दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दिग्गज गायिका ने हमारे देश में एक ऐसा शून्य छोड़ दिया है जिसे कभी नहीं भरा जा सकता।

  पीएम मोदी ने कहा, "हमारी लता दीदी आज हमें छोड़कर चली गईं, परमात्मा में विलीन हो गईं। लता जी जैसी आत्माएं मानवता को सदियों में कभी-कभार वरदान की तरह मिलती हैं। वो आज भौतिक रूप से हमारे बीच भले ही न हों, लेकिन स्वर स्वरूप में वो हमारे बीच हमेशा अमर रहेंगी।"

  वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "यूपी के लोगों ने दो टूक कह दिया है कि धन-दौलत, बाहुबल, जातिवाद, संप्रदायवाद के दम पर भले कुछ लोग कितनी ही राजनीति कर लें, लेकिन वो जनता का प्यार नहीं पा सकते। जनता का आशीर्वाद तो उसे ही मिलेगा जो सेवा भावना से सेवक बनकर यूपी के लोगों की सेवा करेगा, यूपी के लोगों का विकास करेगा।"

  विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा," पिछली सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि हाइवे पर गाड़ी रोक कर गाड़ियों से लूट पाट की जाती थी। बीच हाइवे पर ही महिलाओं, बेटियों के साथ क्या होता था बुलंदशहर के लोग ये अच्छी तरह जानते हैं। तब उत्तर प्रदेश में घरों-दुकानों पर अवैध कब्जे होना आम बात थी, लेकिन यूपी, अब लड़कियों और महिलाओं के लिए सुरक्षित है। युवा महिलाएं अब बिना किसी डर के बाहर निकल सकती हैं और अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा कर सकती हैं।"

  पीएम मोदी ने कहा, "पहले की सरकारों का एक और पसंदीदा खेल होता था। तिजोरियों को भरने का खेल। सब मिलकर खेलते थे। मिलकर खाते थे। आज ऐसे लोगों का पूरा खेल बिगड़ गया है। पहले, सरकार का मतलब एक ही परिवार था; बीजेपी के लिए पूरा यूपी, एक परिवार है।"






  अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पीएम-आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना समेत कई कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया जिससे उत्तर प्रदेश के लोगों को लाभ हुआ। उन्होंने कहा,"योगी सरकार में गरीबों के लिए आवास योजनाओं पर तेजी से काम होगा। योगी जी के नेतृत्व में मथुरा, आगरा और बुलंदशहर क्षेत्र में गरीबों के लिए 85,000 मकान बनाए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत 7.5 लाख से अधिक गैस कनेक्शन भी प्रदान किए गए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि से यूपी के छोटे किसानों को फायदा हुआ है। साथ ही, मछुआरों और पशुपालन से जुड़े लोगों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ मिला है।"

  उन्होंने कहा, "आज लाखों गन्ना किसानों को ई-गन्ना ऐप के माध्यम से फार्म भरने से संबंधित सभी जानकारी प्राप्त हो रही है। अब MSP का पैसा पाने के लिए यूपी के किसानों को अधिक से अधिक तकनीकी सहायता का उपयोग किया जा रहा है। प्रदेश में अधिक खरीद केंद्रों के खुलने से फसलों की खरीद में हर वर्ष नये कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।"

  पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश चुनाव के पहले चरण में मतदान करने वालों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया।

« PREV
NEXT »