सरदारपुर। भारतीय मानवाधिकार सहकार ट्रस्ट एवं जिला अंधत्व निवारण समिति धार के संयुक्त तत्वावधान में 18 नवंबर 2026 को शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरदारपुर में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 106 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें 42 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाए जाने पर उन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
शिविर का शुभारंभ भारतीय मानवाधिकार सहकार ट्रस्ट के राष्ट्रीय संयोजक प्रेम कुमार वैद्य, प्रदेश प्रभारी बलबहादुर सिंह राठौर,धार जिलाध्यक्ष कैलाशचंद्र बघेल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) शीला मुझाल्दा एवं नेत्र चिकित्सक सतीश पाराशर ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया।
धार के नेत्र रोग विशेषज्ञ सौरभ बोरासी के मार्गदर्शन में नेत्र चिकित्सक सतीश पाराशर ने शिविर में पहुंचे 106 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया। जांच के दौरान 42 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई। ऑपरेशन के लिए चयनित सभी मरीजों को बस के माध्यम से चौइथराम नेत्र चिकित्सालय, इंदौर भेजा गया, जहां उनका मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा।
इस अवसर पर ट्रस्ट के राष्ट्रीय सलाहकार प्रोफेसर आर.के. जैन ने सभी चयनित मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के प्रदेश प्रभारी बलबहादुर सिंह राठौर ने कहा कि भारतीय मानवाधिकार सहकार ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और जरूरतमंदों की सेवा करना है। आने वाले समय में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें नेत्र परीक्षण,मोतियाबिंद ऑपरेशन,सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण,दंत चिकित्सा,महिला एवं बाल स्वास्थ्य सहित विभिन्न चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट मानव सेवा एवं जनकल्याण के उद्देश्य से निरंतर इस प्रकार के सेवा कार्य करता रहेगा।
शिविर के सफल आयोजन पर ट्रस्ट के तहसील अध्यक्ष बुद्धेसिंह पाण्डार ने अस्पताल प्रशासन,चिकित्सकों एवं आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


