राजगढ़ में सनातन संस्कृति रक्षा मंच का आयोजन, 230 सदस्यों ने की सहभागिता; संस्कृति संरक्षण, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण पर दिया जोर
राजगढ़ (धार)। सनातन संस्कृति रक्षा मंच के तत्वावधान में 19 नवंबर को मोहनखेड़ा महातीर्थ स्थित म्यूजियम के समीप अभिनंदन गार्डन में भव्य दीपावली एवं हिंदू मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंदौर के सामाजिक कार्यकर्ता एवं दलित समाज उत्थानकर्ता मनोज परमार उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता राजेश मूणत ने सहभागिता की। आयोजन में मंच के लगभग 230 सदस्यों सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात दीपक पटेल ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया। दीपावली मिलन समारोह में सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
सनातन धर्म अजन्मा है, सनातन है तो देश है : मनोज परमार
मुख्य अतिथि मनोज परमार ने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति के गौरव,भारतीय धार्मिक परंपराओं और वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति अत्यंत पवित्र और उदार विचारधारा पर आधारित है। 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना के साथ भारतीय संस्कृति संपूर्ण विश्व को अपना परिवार मानकर सभी के कल्याण की कामना करती है। उन्होंने कहा कि अपनी गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समाज को जागरूक रहना चाहिए।
उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं सांस्कृतिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। साथ ही लव जिहाद जैसे संवेदनशील सामाजिक विषयों पर जागरूकता और सतर्कता की आवश्यकता बताते हुए समाज को सजग रहने का संदेश दिया।
मनोज परमार ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि हमारा जन्म मानव रूप में और भारत जैसी देवभूमि में हुआ है। अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करना और उनका संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। हमें शास्त्रों से धर्म रक्षा की प्रेरणा लेकर संस्कृति के सम्मान और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "सनातन धर्म अजन्मा है। सनातन धर्म है, तभी यह देश सुरक्षित और सशक्त है।" उन्होंने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और जनजागरूकता के लिए सभी समाजजनों से संगठित होकर कार्य करने की अपील की।
मोबाइल की आभासी दुनिया से बाहर निकलकर समाज को एकजुट करें : राजेश मूणत
विशेष अतिथि राजेश मूणत ने राष्ट्र निर्माण में सामाजिक संगठनों और सामूहिक सहभागिता की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्र परम वैभवशाली है और इसे और अधिक सशक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमताओं का सकारात्मक उपयोग करना होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल की आभासी दुनिया से बाहर निकलकर वास्तविक सामाजिक संपर्क और आपसी संवाद को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। समाज के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ना चाहिए और सामूहिक रूप से सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
सामाजिक एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का दिया संदेश
समारोह में दीपावली मिलन के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारे, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। उपस्थित समाजजनों ने सनातन संस्कृति के सम्मान, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन अंतिम ठाकुर ने किया। इस अवसर पर जितेंद्र बागड़िया, चंदन शर्मा, दीपक चौधरी, विजय जायसवाल, नितिन भंडारी, नीलेश सोनी, आशीष सोलंकी, लखन पंवार, संजय सोनी, विनय भंडारी, मनीष भायल, सुजीत ठाकुर, रवि कसेरा, अक्षय भंडारी, अनिल सोलंकी सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं सनातन संस्कृति रक्षा मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



