28 नवंबर को श्रीसंघ में सामूहिक जाप,सामायिक और गुणानुवाद सभा का होगा आयोजन,रतलाम के सौभाग्य तीर्थ में होगा मुख्य समारोह
राजगढ़ (धार)। मालव केसरी श्री सौभाग्यमलजी महाराज साहब के अंतेवासी सुशिष्य एवं श्रमणसंघीय प्रवर्तक श्री प्रकाशमुनिजी महाराज साहब का 66वां जन्मोत्सव दिवस 28 नवंबर को जप, तप, त्याग और जीवदया की आराधना के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय श्रीसंघ की ओर से विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जन्मोत्सव के अवसर पर स्थानीय स्थानक भवन में प्रातः सामूहिक जाप, सह सामायिक एवं गुणानुवाद सभा का आयोजन होगा। इसमें श्रावक-श्राविकाएं सामूहिक रूप से धर्म आराधना करेंगे। साथ ही अनेक श्रावक-श्राविकाओं द्वारा तप आराधना भी की जाएगी।
सामूहिक जाप एवं सामायिक के आयोजन का लाभ संतोष कुमार वागरेचा परिवार द्वारा लिया गया है। जन्मोत्सव को लेकर गुरु भक्तों में उत्साह का माहौल है।
जन्मोत्सव पर जीवदया के कार्य भी होंगे
गुरु सौभाग्य प्रकाश भक्त मंडल के प्रांतीय सदस्य हेमंत वागरेचा ने बताया कि प्रवर्तक श्री प्रकाशमुनिजी महाराज साहब के 66वें जन्मोत्सव दिवस को धार्मिक भावना एवं सेवा कार्यों के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जप, तप और त्याग की आराधना के साथ जीवदया के कार्य भी किए जाएंगे। जन्मोत्सव का उद्देश्य गुरु भगवंत के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ धर्म, सेवा और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
रतलाम के सौभाग्य तीर्थ में होगा मुख्य समारोह
प्रवर्तक श्री प्रकाशमुनिजी महाराज साहब के जन्मोत्सव दिवस का मुख्य समारोह रतलाम शहर के सागोद रोड स्थित सौभाग्य तीर्थ समाधि स्थल पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप एवं रतलाम कलेक्टर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस विशेष अवसर पर स्थानीय श्रीसंघ के साथ मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में गुरु भक्तों के पहुंचने की संभावना है। जन्मोत्सव के माध्यम से श्रद्धालु गुरु भगवंत के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति प्रकट करेंगे।
जप,तप,सामायिक,गुणानुवाद और जीवदया के संकल्प के साथ मनाया जाने वाला यह जन्मोत्सव गुरु भक्ति एवं धार्मिक आराधना का विशेष अवसर होगा।


