पालिका निधि कम्युनिटी हॉल में जुटे नगर के गणमान्य नागरिक,सांची जादम और तृप्ति खिमुर का खेल उपलब्धियों पर हुआ सम्मान
राजगढ़ (धार)। लोकतंत्र की मजबूती में नागरिकों की भूमिका, सामाजिक जागरूकता और समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से राजगढ़ के पालिका निधि कम्युनिटी हॉल में ‘लोकतंत्र के लिए नागरिक’ विषय पर नागरिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सचिन बघेल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लोकतंत्र, अराजकता, सोशल मीडिया, मोबाइल के प्रभाव, राम मंदिर और नई पीढ़ी यानी Gen-Z से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। संगोष्ठी में नगर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नागरिकों, मातृशक्ति और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
‘लोकतंत्र के लिए नागरिक समिति’ के कार्यक्रम संयोजक निलेश सोनी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सचिन बघेल रहे। विशेष अतिथियों में भाजपा जिला महामंत्री राकेश पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रोमा मंडलोई, भाजपा जिला मंत्री कमल यादव एवं निर्मला हटीला शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोहन पटेल ने की, जबकि संचालन समिति संयोजक निलेश सोनी ने किया।
लोकतंत्र की मजबूती में नागरिकों की भूमिका पर हुई चर्चा
मुख्य वक्ता सचिन बघेल ने अपने संबोधन में लोकतंत्र और अराजकता से जुड़े विषयों पर विचार रखे। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका, सामाजिक वातावरण और सार्वजनिक जीवन में फैलने वाले भ्रम जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने अराजकता और भ्रम पैदा करने वाले प्रयासों को लेकर भी विचार व्यक्त किए।
बघेल ने Gen-Z यानी युवा पीढ़ी, मातृशक्ति, देश के लोकतंत्र, राम मंदिर तथा सोशल मीडिया और मोबाइल के बढ़ते प्रभाव जैसे समसामयिक विषयों पर भी संबोधन दिया। उन्होंने बदलते सामाजिक और डिजिटल परिवेश में नागरिकों की जागरूकता और जिम्मेदारी के महत्व को रेखांकित किया।
डॉक्टर,वकील,शिक्षक से लेकर व्यापारी और किसानों तक की सहभागिता
संगोष्ठी में नगर के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें डॉक्टर, एडवोकेट, शिक्षक, समाजसेवी, पत्रकार, व्यापारी, उन्नत कृषक, मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधि, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बीमा एजेंट, वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य और नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में मातृशक्ति की भी उपस्थिति रही।
विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की सहभागिता ने संगोष्ठी को नागरिक संवाद का स्वरूप दिया। आयोजन का उद्देश्य लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर समाज के अलग-अलग वर्गों को एक मंच पर लाकर विचार-विमर्श करना रहा।
खेल प्रतिभाओं सांची जादम और तृप्ति खिमुर का सम्मान
कार्यक्रम में राजगढ़ नगर को गौरवान्वित करने वाली खेल प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया। सेल्फ डिफेन्स एकेडमी की खिलाड़ी सांची जादम को तीन खेलों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए राज्य स्तर पर क्वालीफाई करने की उपलब्धि पर सम्मानित किया गया।
वहीं तृप्ति खिमुर को संभागीय कोच के रूप में राज्य स्तर तक पहुंचने की उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। अतिथियों ने दोनों प्रतिभाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दिलीप पुरी के निधन पर दो मिनट का मौन
कार्यक्रम के दौरान बरमण्डल निवासी एवं खातेगांव में पदस्थ टीआई श्री दिलीप पुरी के आकस्मिक देहावसान पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
समिति सदस्यों का रहा सराहनीय योगदान
आयोजन को सफल बनाने में समिति के निलेश शर्मा (लाला),प्रीतम ठाकुर,प्रफुल रावल,डॉ. आशीष वैद्य,डॉ. बलबहादुर सिंह राठौर,गणेशीलाल शर्मा,पंकज बारोड़,चिन्टू चौहाण,शंभूलाल परवार,विपिन पाण्डे,प्रवीण शर्मा, दिलीप फरबदा,ज्ञानेंद्र जैन,तेजकुमार जैन,संजय रघुवंशी,नंदन वैद्य,बाबूभाई बोहरा,सोनू भण्डारी,गोविंद मोरी, अजय श्रीवास्तव,सुरेश जाट,हेमलता मामा,उर्मिला कुशवाह,सीमा जैन,रितु सोनी,मितांशु सोनी एवं मोहित वागरेचा, अक्षय भंडारी सहित समिति के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में सोहन पटेल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



