सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में गौरविना पलासिया और नविका मावी ने हासिल किया प्रथम स्थान, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कार्यक्रम के चयनित विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान....
राजगढ़ (धार)। विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों,नागरिक जागरूकता और विचार अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से श्री सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,राजगढ़ में ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’ विषय पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र, मतदान और समसामयिक राजनीतिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने शील्ड देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता निलेश सोनी एवं समाजसेवी तेजकुमार जैन रहे,जबकि अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य बलरामजी कुमावत ने की। कार्यक्रम का संचालन रामकिशोर कुमावत ने किया। मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
लोकतंत्र,भीड़तंत्र और मतदान को लेकर विद्यार्थियों ने रखे विचार
कार्यक्रम में अतिथियों ने लोकतंत्र,अराजकता,भीड़तंत्र और समसामयिक राजनीतिक विमर्श से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। वहीं विद्यार्थियों ने लोकतंत्र और वोट चोरी को लेकर सार्वजनिक चर्चा में सामने आ रहे दावों, भ्रांतियों तथा युवा पीढ़ी पर उनके प्रभाव जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी बात प्रभावशाली ढंग से रखने का प्रयास किया,वहीं निबंध प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’ विषय पर अपने विचार लिखे। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को विचारों को समझने, तर्क के साथ अपनी बात रखने और लेखन कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
निबंध प्रतियोगिता में गौरविना पलासिया प्रथम
निबंध प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं की बहिन गौरविना पलासिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा नौवीं के भैया दक्ष भाऊ द्वितीय स्थान पर रहे।
भाषण प्रतियोगिता में नविका मावी ने बाजी मारी
भाषण प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की बहिन नविका मावी ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा दसवीं की बहिन शिवानी शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिला स्तर पर चयनित संस्था के दो विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें कक्षा आठवीं के भैया चेतन मण्डलोई एवं कक्षा सातवीं के भैया विनय अजनार शामिल रहे।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी को उनकी प्रतिभा और सीखने की रुचि को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास माना गया।
शिवराज सिंह चौहान की माताजी को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के देवलोकगमन पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और राष्ट्रीय बाल विज्ञान कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों का सम्मान समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा।



