अमझेरा। विक्रमसिंह राठौर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में भगवान श्रीकृष्ण रूक्मिणी वरण स्थली ग्राम अमझेरा में दो दिवसीय श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन किया जा रहा है। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस पर्व के पहले दिन भजन गायन और कृष्ण लीलाओं पर आधारित नृत्य नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के पहले दिन उज्जैन के शर्मा बंधुओं द्वारा श्रीकृष्ण भक्ति पर आधारित मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। भजनों के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शर्मा बंधुओं ने कार्यक्रम की शुरुआत ‘गाइये गणपति जग वंदन, शंकर सुवन भवानी के नंदन’ से की। इसके बाद ‘तेरी पार करेंगे नैया भजमन कृष्ण कन्हैया’,‘चाकर राखो मुझे चाकर राखो’, ‘मेरी आपकी कृपा से सब काम हो रहा है’ सहित श्रीकृष्ण जन्म पर आधारित ‘बधाई बाजे नंद भवन’ जैसे भक्तिगीत प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में हरीश शर्मा टीम भोपाल द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के नृसिंह, वामन और वराह अवतार, बाल लीला, यमुना से जुड़े प्रसंग, कालिया दमन, गोवर्धन धारण, ब्रज की जीवन धारा और महारास सहित श्रीकृष्ण के विभिन्न दिव्य प्रसंगों को नृत्य, शानदार अभिनय, लय, ताल और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
नृत्य नाटिका की प्रस्तुतियों के दौरान कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम, भक्ति और समर्पण की भावनाओं को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। विशेष रूप से यमुना और भगवान श्रीकृष्ण के संबंध को मंचीय रूप में महत्व दिया गया। वहीं कालिया नाग के मान मर्दन का प्रसंग भी प्रभावशाली रहा। कृष्ण लीलाओं पर आधारित इन प्रस्तुतियों को देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम के माध्यम से शास्त्रीय कला और लोक संस्कृति की अभिव्यक्ति भी देखने को मिली। कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुतियों में भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का सुंदर समन्वय दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नायब तहसीलदार विशाखा चौहान,सरपंच मनुबाई मकवाना,थाना प्रभारी राजू मकवाना सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रदीपसिंह पंवार ने किया।
श्रीकृष्ण पर्व के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रीकृष्ण रूक्मिणी विवाह प्रसंग पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही इंदौर की भजन गायिका आकृति सोनी की टीम द्वारा मधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।



