सरदारपुर खरमोर अभयारण्य में पहली बार दिखा Bonelli's Eagle का जोड़ा

सरदारपुर खरमोर अभयारण्य में बबूल के पेड़ पर बैठा Bonelli's Eagle का दुर्लभ जोड़ा




 

 

  धार जिले के सरदारपुर खरमोर वन्यजीव अभयारण्य में पहली बार दुर्लभ पहाड़ी बाज (Bonelli's Eagle – Aquila fasciata) का जोड़ा आधिकारिक रूप से देखा गया है। वन विभाग की टीम ने इस दुर्लभ शिकारी पक्षी को अपने कैमरे में कैद किया है,जिसे अभयारण्य की जैव विविधता के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

वन विभाग के कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ दृश्य

  वन विभाग द्वारा जारी तस्वीर में दो Bonelli's Eagle एक ही बबूल के पेड़ पर बैठे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि यह पक्षी सामान्यतः पहाड़ी और चट्टानी क्षेत्रों में पाया जाता है, जबकि सरदारपुर का खरमोर अभयारण्य मुख्य रूप से मैदानी घास के मैदानों के लिए प्रसिद्ध है।

जैव विविधता के लिए शुभ संकेत

  जानकारी के अनुसार Bonelli's Eagle का एक साथ बबूल पेड़ का है  जोड़े में दिखाई देना इस बात का संकेत है कि अभयारण्य का प्राकृतिक आवास बड़े शिकारी पक्षियों के लिए भी अनुकूल और सुरक्षित बन रहा है। इससे पहले यह अभयारण्य मुख्य रूप से दुर्लभ खरमोर (Lesser Florican) के संरक्षण के लिए देशभर में जाना जाता रहा है।

 वन विभाग का मानना है कि यह साइटिंग संरक्षण प्रयासों की सकारात्मक उपलब्धि है और भविष्य में पक्षी प्रेमियों, वन्यजीव फोटोग्राफरों तथा शोधार्थियों की रुचि यहां और बढ़ सकती है।

 2024-25 के बर्ड सर्वे में भी मिली थी समृद्ध जैव विविधता की पुष्टि

  सरदारपुर खरमोर अभयारण्य में वर्ष 2024-25 के बर्ड सर्वे के दौरान भी 95 से अधिक प्रजातियों के विभिन्न पक्षियों का दस्तावेजीकरण किया गया था। इस सर्वे ने पहले ही यह संकेत दिया था कि अभयारण्य केवल खरमोर तक सीमित नहीं है, बल्कि अनेक दुर्लभ और प्रवासी पक्षियों के लिए भी महत्वपूर्ण आवास के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में अब Bonelli's Eagle के जोड़े का पहली बार आधिकारिक रूप से दर्ज होना इस समृद्ध जैव विविधता को और मजबूत आधार प्रदान करता है।

Bonelli's Eagle के बारे में जानिए

  Bonelli's Eagle (Aquila fasciata) एक शक्तिशाली शिकारी पक्षी है, जो छोटे स्तनधारियों, पक्षियों और सरीसृपों का शिकार करता है। यह प्रजाति प्रायः पहाड़ी ढलानों, चट्टानी क्षेत्रों और खुले जंगलों में निवास करती है। इसका घोंसला अक्सर ऊंची चट्टानों या बड़े पेड़ों पर होता है।

सरदारपुर खरमोर अभयारण्य क्यों है खास?

  धार जिले का सरदारपुर खरमोर वन्यजीव अभयारण्य देश में दुर्लभ खरमोर (Lesser Florican) के महत्वपूर्ण प्रजनन स्थलों में से एक माना जाता है। अब Bonelli's Eagle जैसे दुर्लभ शिकारी पक्षी की मौजूदगी इस क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और संरक्षण क्षमता को भी रेखांकित करती है।