राजगढ़ में बाबा चंद्रमौलेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी निकली, लगभग 6 घंटे तक गूंजा शिवभक्ति का उल्लास






 







  राजगढ़ (धार)। सावन के अंतिम सोमवार पर राजगढ़ नगर शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह रंग गया। परम पूज्य बाबा चंद्रमौलेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी श्रद्धा,भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। शाम 7 बजे श्री राम मंदिर,तीन बत्ती चौराहा से प्रारंभ हुई यह दिव्य शिव डोला देर रात तक लगभग छह घंटे नगर भ्रमण पर रही।

 संत श्री शांतू बाबा की प्रेरणा से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह शाही सवारी नगर की गौरवशाली सनातन परंपरा का प्रमुख धार्मिक आयोजन है। सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः तीन बत्ती चौराहा पहुंचकर संपन्न हुई।

  शाही सवारी में फूलों से सुसज्जित रथ, सजे-धजे घोड़े, महाकाल लोक बैंड,गौशाला झांकी,शेषनाग झांकी,काल भैरव झांकी, ढोल-ताशा दल तथा राजस्थानी लोक नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शिवभक्तों ने हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष से पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय बना दिया।

  नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने शाही सवारी का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर बाबा चंद्रमौलेश्वर महादेव की महाआरती आयोजित की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।

 लगभग छह घंटे तक चली इस भव्य शाही सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे नगर में भक्ति,उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला,जिससे सावन के अंतिम सोमवार का धार्मिक उल्लास चरम पर दिखाई दिया।