9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया जन आंदोलन बनाने का आह्वान

हर घर तिरंगा अभियान 2026, हर घर तिरंगा, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, मोहन यादव, मध्य प्रदेश समाचार, एमपी कैबिनेट बैठक, जन विश्वास अभियान 2026, मिशन बुनियाद, सांदीपनि विद्यालय, मध्य प्रदेश शिक्षा, प्राचार्य सम्मान योजना, 100 प्रतिशत बोर्ड रिजल्ट, ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन, टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब, ऑप्टिकल फाइबर, 5जी, 6जी, रेलवे परियोजना मध्य प्रदेश, निशातपुरा रेलवे स्टेशन, मालवा एक्सप्रेस, वेरावल एक्सप्रेस, मध्य प्रदेश रेलवे, पीएम नरेंद्र मोदी, भोपाल न्यूज, MP News, Breaking News, Hindi News, Times Of Malwa




 



 हर घर तिरंगा अभियान 2026, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,मध्य प्रदेश कैबिनेट बैठक,जन विश्वास अभियान, सांदीपनि विद्यालय, ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान, जन विश्वास अभियान, सांदीपनि विद्यालय, रेलवे और ग्वालियर टेलीकॉम जोन सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

  भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में 9 से 17 अगस्त तक "हर घर तिरंगा" अभियान जन सहभागिता के साथ व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम्" के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अभियान को विशेष रूप से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

  मुख्यमंत्री मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में तिरंगे की थीम पर विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, बुनाई, मेले, संगीत कार्यक्रम, ई-बाइक और साइकिल रैली, तिरंगा यात्रा, तिरंगा ध्वज बिक्री, तिरंगा एंथम, प्रश्नोत्तरी और स्वयंसेवा जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सैन्य बलों के जवानों और पुलिसकर्मियों के सम्मान में पत्र लेखन अभियान भी आयोजित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय स्व-सहायता समूहों और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से खादी और पॉलिएस्टर से बने राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने तथा सोशल मीडिया पर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में 7 अगस्त से जन विश्वास अभियान-2026 की शुरुआत होगी। इस अभियान का शुभारंभ छिंदवाड़ा जिले से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन विश्वास ही जन कल्याण का आधार है और यह अभियान सुशासन तथा बेहतर सेवा वितरण को मजबूत करेगा। मंत्रीगण को जिलों का भ्रमण कर जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और फील्ड स्तर पर योजनाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व पूरे प्रदेश में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इसी अवसर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित "मिशन बुनियाद" का शुभारंभ किया गया, जिसे प्रारंभिक चरण में प्रदेश के 8 जिलों के 500 शासकीय विद्यालयों में लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 60 नए सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना की जा रही है और इनके निर्माण पर लगभग 25 हजार 500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

 स्कूल शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जिन विद्यालयों के प्राचार्य लगातार तीन वर्षों तक बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम देंगे, उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। साथ ही संबंधित विद्यालय में विकास कार्यों के लिए पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार शिक्षकों की भर्ती का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

 औद्योगिक विकास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार और भारत सरकार के बीच नई दिल्ली में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। लगभग 350 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस अत्याधुनिक औद्योगिक क्लस्टर में मोबाइल उपकरण, नेटवर्क इक्विपमेंट, ऑप्टिकल फाइबर, सेमीकंडक्टर तथा 5जी और 6जी तकनीक पर अनुसंधान एवं विकास किया जाएगा।

 उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण के लिए भारत सरकार ने 493 करोड़ रुपये का केंद्रीय अनुदान स्वीकृत किया है, जबकि राज्य सरकार लगभग 596 करोड़ रुपये मूल्य की 170 एकड़ भूमि निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। इस परियोजना से आने वाले वर्षों में 12 से 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश तथा लगभग 5 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

 रेलवे क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल के निशातपुरा क्षेत्र में 14 करोड़ रुपये की लागत से चौथा रेलवे स्टेशन विकसित किया गया है। इस स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस और वेरावल एक्सप्रेस का ठहराव होगा, जिससे नई दिल्ली, उज्जैन और इंदौर की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी और भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

 मुख्यमंत्री ने बताया कि नागदा-कटनी सहित कई स्थानों पर रेलवे बायपास बनने से यात्रियों का समय बच रहा है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में लगभग एक लाख 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से रेलवे के विभिन्न विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, सुशासन को मजबूत करना और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने मंत्रीगण से सभी अभियानों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।