मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संसद यूथ पार्लियामेंट 2026 में युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में 12 राज्यों और 58 नगरों के युवा शामिल हुए.....
भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा डॉक्टर और इंजीनियर बनने के साथ राजनीति में आकर लोकतंत्र को भी मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को लोकतंत्र, संसदीय परंपरा और नीति निर्माण से जोड़ने की पहल अनुकरणीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को विधानसभा भवन स्थित विधान परिषद में आयोजित संसद यूथ पार्लियामेंट 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में देश के 12 राज्यों और 58 नगरों से युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। युवा प्रतिभागी संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संसदीय शैली में विचार-विमर्श करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन साकार दृष्टि सोशल फाउंडेशन और कैलिडोहोप नागपुर द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने आईसीएस की परीक्षा पास करने के बाद नौकरी ठुकराकर देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में भाग लिया। उन्होंने युवाओं से देश के भविष्य के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता के लिए लिए गए सुझाव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अनेकता में एकता, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन विचारों को धरातल पर उतारने के लिए संकल्प शक्ति आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी के लिए व्यापक स्तर पर सुझाव लिए गए। सभी जिलों और विभिन्न धर्मों के लोगों ने अपने सुझाव दिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, यूसीसी के सर्वे में 76 प्रतिशत मुस्लिम महिलाओं ने समान नागरिक संहिता का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश उन बड़े राज्यों में अग्रणी है, जिसने यूसीसी लागू करने के लिए विधेयक पारित किया है।
युवा संसद में बेटियों की भागीदारी महिला सशक्तिकरण का उदाहरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है और भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। संसद यूथ पार्लियामेंट 2026 में 12 राज्यों और 58 नगरों के युवाओं की भागीदारी इसे लघु भारत का स्वरूप देती है।
उन्होंने कहा कि सदन कल्याणकारी नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण स्थान है। युवा संसद में बेटियों की सक्रिय भागीदारी महिला सशक्तिकरण का प्रभावी उदाहरण है। उन्होंने भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति के महत्व और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना का भी उल्लेख किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत का हृदय प्रदेश होने के साथ विभिन्न विधाओं और संपन्नताओं से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि युवा अवस्था व्यक्ति के स्वयं के विकास के साथ देश के भविष्य के निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान युवाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए चंद्रशेखर आजाद,भगत सिंह, राजगुरु,सुखदेव,अशफाक उल्लाह खां और पंडित रामप्रसाद बिस्मिल जैसे क्रांतिकारियों को याद किया।
नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे चिंतक भी समान नागरिक संहिता के समर्थक थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा पीढ़ी को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा जा रहा है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
औद्योगिक विकास से रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद
दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में बड़े उद्योगों के साथ छोटी औद्योगिक इकाइयों में भी निवेश हो रहा है। इससे आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने युवाओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ देश और समाज के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
युवाओं ने मुख्यमंत्री की नीतियों की सराहना की
युवा सांसद की भूमिका निभा रहे आरब सिंह शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चाहते हैं कि युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खेल और युवाओं के कल्याण के लिए प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 274 सांदीपनि विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और 200 नए सांदीपनि विद्यालय बनाए जाने हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के लिए शिक्षित और सक्षम युवाओं की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सदस्य पद्मश्री डॉ. विकास महात्मे और विधानसभा सचिव अरविंद शर्मा का सम्मान किया गया। उद्घाटन समारोह में आयोजक विश्वजीत चोपड़े,देवयानी चोपड़े,वैशाली खोबड़े सहित अनेक युवा सदस्य उपस्थित रहे।

