भोपाल । अपना दल (एस) ने मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी चुनावों के लिए अपनी तैयारियों को गति देने के संकेत दिए हैं। प्रदेश संगठन में नई जिम्मेदारियों और विभिन्न मंचों पर नियुक्तियों के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर जानकारी दी।
डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि अपना दल (एस) राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए का सहयोगी दल है और वर्ष 2014 से गठबंधन के साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन को मजबूत करने की अपनी भूमिका जारी रखते हुए मध्य प्रदेश में संगठन और चुनावी तैयारियों को भी मजबूती देगी।
उन्होंने कहा, "अपना दल (एस) हमारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री दीदी अनुप्रिया पटेल जी के नेतृत्व में एक दशक से अधिक समय से एनडीए का हिस्सा है। गठबंधन की मजबूती हमारी प्राथमिकता है, लेकिन आगामी चुनावों को लेकर पार्टी अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों पर भी पूरी गंभीरता से काम करेगी।"
मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार पर जोर
डॉ. मलिकराम के अनुसार पार्टी का लक्ष्य केवल प्रदेश में संगठन का विस्तार करना नहीं है, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय और मजबूत बनाना भी है। राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी आर बी सिंह पटेल जी के मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन में नई नियुक्तियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि किसान, व्यापार, विधि, चिकित्सा, शिक्षक, आईटी, बौद्धिक तथा अनुसूचित जाति-जनजाति सहित अलग-अलग मंचों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी इसे प्रदेश में संगठन को व्यापक स्तर पर सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है।
हर चुनाव में सक्रिय भूमिका की तैयारी
डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि अपना दल (एस) आने वाले समय में प्रत्येक चुनाव को गंभीरता से लेते हुए अपनी राजनीतिक उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में काम करेगा। पार्टी सभी चुनावों में अपने प्रतिनिधियों को मैदान में उतारने की तैयारी करेगी।
उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए मजबूत संगठन, स्थानीय मुद्दों की समझ और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बेहद महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी।
मालवा-निमाड़ से बुंदेलखंड तक संगठन विस्तार
मध्य प्रदेश की भौगोलिक और सामाजिक विविधता को देखते हुए अपना दल (एस) प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की योजना पर काम कर रहा है। पार्टी का फोकस मालवा-निमाड़ के साथ बुंदेलखंड, महाकौशल, विंध्य, चंबल और ग्वालियर अंचल तक संगठन के विस्तार पर रहेगा।
डॉ. मलिकराम के मुताबिक किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों में प्रमुखता दी जाएगी।
गठबंधन के साथ अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करने पर जोर
डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि अपना दल (एस) एनडीए के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ-साथ मध्य प्रदेश में अपनी राजनीतिक पहचान और संगठनात्मक क्षमता को भी मजबूत करेगा।
पार्टी का उद्देश्य गठबंधन में सहयोगी की भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाने के साथ मध्य प्रदेश में अपने संगठन और जनाधार का विस्तार करना है।

