राजगढ़ (धार)। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत आज थाना राजगढ़ क्षेत्र के मेला मैदान एवं बस स्टैंड राजगढ़ में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत मध्यप्रदेश में 15 जुलाई से "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान संचालित किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में प्रदेशभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार तथा थाना प्रभारी राजगढ़ समीर पाटीदार की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों का प्रभावी मंचन करते हुए आमजन को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने भी नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान में सहयोग देने का संकल्प लिया।
राजगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशा मुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।


