सरदारपुर/राजगढ़। 18 वीं जुनियर नेशनल ग्रेपलिंग चेम्पियनशिप 2025 हरिद्वार (उत्तराखंड) के वंदना कटारिया, स्टेडियम में 14-16 नवंबर को आयोजित हुई। प्रतियोगिता में सेल्फ डिफेंस एंड मार्शल आर्ट्स एकेडमी, राजगढ़ के खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश राज्य की टीम में शामिल होकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय स्तर पर 8 पदक जीतकर एतिहासिक उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता भारत की एकमात्र युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग से मान्यता प्राप्त भारतीय ग्रेपलिंग महासंघ द्वारा आयोजित की गई। उक्त प्रतियोगिता में 22 राज्यों के 600 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। एकेडमी के कोच महेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में राजगढ़ नगर से सात खिलाड़ियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होकर अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अलग-अलग इवेंट में आठ मेडल जीतने में सफल रहें। ग्रेपलिंग दो स्टाइल गी और नो गी में खेले जाने वाला गेम हैं। यह महाभारत कालीन पारंपरिक मल्ल युद्ध का आधुनिक संस्करण हैं जो कि कुश्ती की तरह खेला जाता हैं लेकिन इसमें लाक और चोक लगाए जाते हैं। नौ वर्ष से कम आयु वर्ग में गी स्टाइल में इवाना शास्त्री और द्रव्य सोनी ने कांस्य पदक जीता। 13 वर्ष आयु वर्ग 72 किग्रा में लक्ष्मी मारु ने गी ग्रेपलिंग में स्वर्ण पदक और नो गी में कांस्य पदक, वीरा जादम दोनों ही स्टाइल में रजत पदक जीतने में सफल रही। 17 वर्ष आयु वर्ग में 52 किग्रा वजन समूह में रांची जादम ने दोनों स्टाइल के कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। नौ वर्ष से कम आयु वर्ग में ध्वनि सोलंकी और 15 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रद्युम्न मारु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस तरह 1 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक जीतने में सफल रहें।
इस अभूतपूर्व सफलता पर विधायक प्रताप ग्रेवाल, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी राजेश शाक्य, प्रदेश अध्यक्ष आलोक खरे, प्रदेश सचिव संजय पवार एवं नागरिकों ने उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाईयां दी।
महेश कुमार वर्मा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुए
मध्यप्रदेश के पहले आर-1 रेंक (भारतीय ग्रेपलिंग महासंघ का टाप रेंक) के सीनियर नेशनल रैफरी एवं टीम मैनेजर महेश कुमार वर्मा को अपने निष्पक्ष और पारदर्शी निर्णायक के तौर पर उत्तराखंड की आईपीएस अधिकारी श्रीमती तृप्ति भट्ट एसपी इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी ने सम्मानित किया।



