गुजरात के कलाकारों की सुरमयी प्रस्तुतियों से गूंजेगा राजगढ़,4 प्रमुख स्थानों पर होगा गरबा और महाआरती का लाइव प्रसारण
राजगढ़/धार। नगर के प्रसिद्ध पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर में इस वर्ष शारदीय नवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव को लेकर श्री गणपति अम्बिका युवा मंच ने तैयारियां तेज कर दी हैं। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इस बार गुजरात के दाहोद से आने वाला प्रसिद्ध मेलोडी म्यूजिकल ग्रुप गरबा प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बनाएगा।
आयोजन मंदिर के ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज की पावन निश्रा तथा आचार्य हेमंत भारद्वाज एवं कृष्णा भारद्वाज के सानिध्य में विधि-विधान से संपन्न होगा।
11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य ज्योति कलश यात्रा
श्री गणपति अम्बिका युवा मंच के अध्यक्ष अमित कमेडिया ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर, रविवार को ज्योति कलश यात्रा के साथ होगा।
ज्योति कलश यात्रा शाम 4 बजे श्री माताजी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होगी। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। इसके बाद शुभ मुहूर्त में अखंड ज्योत प्रज्वलित कर विधिवत घट स्थापना की जाएगी।
घट स्थापना के मुख्य लाभार्थी श्री राज ऋषभ ग्रुप, राजगढ़ हैं। वहीं मंदिर परिसर में विराजित होने वाली मां आद्य शक्ति दुर्गा की विशाल एवं मनोहारी प्रतिमा के लाभार्थी सांवरिया फ्रेंड्स हैं।
गुजरात के कलाकारों के साथ होगा गरबा रास
नवरात्रि महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ प्रतिदिन गरबा रास भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। मंच के सचिव अंतिम भूरिया ने बताया कि महोत्सव धर्मप्रेमी जनता के आत्मीय सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
महोत्सव के दौरान गुजरात के दाहोद से आने वाले ख्यातनाम मेलोडी म्यूजिकल ग्रुप के सुरीले गायक एवं वादक कलाकार पारंपरिक गुजराती गरबों की प्रस्तुतियां देंगे। इन भक्तिमय और पारंपरिक धुनों पर राजगढ़ नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली माताएं और बहनें गरबा रास करेंगी।
नवरात्रि की नौ रातों में मंदिर परिसर में भक्ति, संगीत और गरबे का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
चार प्रमुख स्थानों पर बड़ी LED स्क्रीन से लाइव प्रसारण
इस वर्ष आयोजन में तकनीक का भी विशेष समन्वय किया गया है। मंदिर परिसर में होने वाले नवरात्रि महोत्सव, गरबा रास और महाआरती का सीधा प्रसारण राजगढ़ नगर के चार प्रमुख एवं व्यस्ततम चौराहों पर बड़ी LED स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा।
इस व्यवस्था से वे श्रद्धालु भी आयोजन से जुड़ सकेंगे जो किसी कारणवश मंदिर परिसर तक नहीं पहुंच पाएंगे। शहर के प्रमुख स्थानों पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से मां की आराधना, महाआरती और गरबा रास के दर्शन श्रद्धालुओं को उपलब्ध होंगे।
आयोजन को लेकर तैयारियों में जुटा युवा मंच
नवरात्रि महोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए श्री गणपति अम्बिका युवा मंच की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है।
आयोजन की व्यवस्थाओं में मंच के संयोजक धीरज गोराणा,गणेश पाटीदार,गोपाल सोनी,नारायण राठौड़, लोकेंद्र सोलंकी एवं विपिन पांडे के मार्गदर्शन में कार्य किया जा रहा है।
मंच सदस्य योगेश कमेडिया,सचिन यादव,पंकज बारोड़,श्याम कुशवाह,वैभव शर्मा,लक्ष्मण अगलेचा, धन्नालाल वर्फा,राधेश्याम बारोड़,दिनेश सिसोदिया,कंकुसिंह बारोड़,सूरज सोलंकी,रवि परमार,सुरेश जाट, नवीन सोलंकी,अंतिम ठाकुर,वासु चौहान एवं क्रिश गौराणा सहित अन्य कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में सक्रिय हैं।
मंच की ओर से बताया गया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है।
मंच के मीडिया प्रभारी रमेश प्रजापति ने उक्त जानकारी दी।
राजगढ़ में नौ दिनों तक रहेगा भक्तिमय माहौल
पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर में होने वाला यह नवरात्रि महोत्सव धार्मिक अनुष्ठान, ज्योति कलश यात्रा, मां आद्य शक्ति की आराधना, गरबा रास और महाआरती के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
11 से 19 अक्टूबर तक राजगढ़ में नवरात्रि की नौ रातें भक्ति और गरबा रास के रंग में रंगी नजर आएंगी। मंदिर परिसर में होने वाले आयोजन के साथ नगर के चार प्रमुख स्थानों पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था इस वर्ष महोत्सव को और व्यापक रूप देने वाली है।


