मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जारी की लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त,1.25 करोड़ बहनों के खातों में पहुंचे 1835 करोड़ रुपए




 

 आगर-मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगर-मालवा से प्रदेश की लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात देते हुए लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी की। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपए से अधिक की प्रोत्साहन राशि अंतरित की।

 इसमें आगर-मालवा जिले की 1 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनें भी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनें अब केवल सरकार से लाभ लेने वाली नहीं, बल्कि लाभ कमाने वाली बन रही हैं। महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

254 करोड़ रुपए के 50 विकास कार्यों की सौगात

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर-मालवा जिले को 254 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 50 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 226 करोड़ रुपए की लागत से 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन और करीब 28 करोड़ रुपए की लागत से 17 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

 मुख्यमंत्री ने करीब 118 करोड़ रुपए की लागत वाली तीन सड़क परियोजनाओं तथा 19 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनने वाले शासकीय विधि महाविद्यालय का भूमिपूजन भी किया।

आगर में बनेगी बड़ी गौशाला,हर खेत तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगर में बड़ी गौशाला के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आगर-मालवा जिले के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए संकल्प शक्ति जरूरी है। प्रदेश सरकार ने नागरिकों से विकास को लेकर जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 'सच्चा वादा-पक्का काम' सरकार की पहचान बन गया है।

50 लाख से अधिक पट्टेधारियों को मिलेगी निःशुल्क पक्की रजिस्ट्री

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सितंबर माह जनसेवा को समर्पित है। 17 सितंबर से प्रदेश में 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत होगी। इसी क्रम में 'स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना-2026' के तहत प्रदेश के 50 लाख से अधिक पट्टेधारियों को बड़ी राहत दी जाएगी।

 मुख्यमंत्री के अनुसार ऐसे पट्टेधारी जिनके पास पट्टा है, लेकिन उसकी पक्की रजिस्ट्री नहीं हुई है, उनकी रजिस्ट्री सरकार द्वारा कराई जाएगी। रजिस्ट्री का शुल्क भी सरकार अपने खजाने से वहन करेगी और पक्की रजिस्ट्री निःशुल्क रूप से पट्टेधारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

25 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर, अनंत चतुर्दशी से 'प्रदेश की अपनी सुगम बस सेवा' का शुभारंभ किया जाएगा।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि सुगम बस सेवा के माध्यम से प्रदेश के गांवों, पंचायतों, कस्बों, ब्लॉक, तहसील और छोटे-बड़े नगरों को परिवहन सुविधा से जोड़ा जाएगा। मध्यप्रदेश में लगभग 5 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क उपलब्ध है और वर्ष 2030 तक प्रदेश में 15 हजार से अधिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है।

17 सितंबर को शाम 7 बजे दीपक जलाने की अपील

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशवासियों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को 'सेवा संकल्प अभियान' के पहले दिन प्रदेश में एक साथ 58 लाख आशीर्वाद के दीपक जलाए जाएंगे।

 मुख्यमंत्री ने प्रदेश की लाड़ली बहनों और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राहियों से अपील की कि वे 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन का आशीर्वाद दें।

लाड़ली बहनों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को तीज और गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना है।

 उन्होंने कहा कि महिलाओं के मान-सम्मान और सुरक्षा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। महिलाओं की आजीविका, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहायता देने की योजना नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का माध्यम बन रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 4 लाख से अधिक महिलाएं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की वित्तीय और तकनीकी मदद तथा स्व-उद्यमशीलता के माध्यम से उद्योग क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

 कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक माधव सिंह, मधु गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

मुख्य बिंदु

• लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी
• 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में ₹1835 करोड़ से अधिक राशि अंतरित
• आगर-मालवा की 1.13 लाख से अधिक बहनें हुईं लाभान्वित
• आगर-मालवा को ₹254 करोड़ से अधिक के 50 विकास कार्यों की सौगात
• 50 लाख से अधिक पट्टेधारियों की निःशुल्क पक्की रजिस्ट्री
• 25 सितंबर से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की घोषणा
• वर्ष 2030 तक 15 हजार से अधिक बसें चलाने का लक्ष्य
• आगर में बड़ी गौशाला बनाने की घोषणा
• आगर-मालवा के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का संकल्प
• 17 सितंबर शाम 7 बजे 58 लाख आशीर्वाद के दीपक जलाने की अपील