राजगढ़ से झिर्णेश्वर धाम तक सदभावना मंच की भव्य कावड़ यात्रा में हजारों शिव भक्त शामिल हुए। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
राजगढ़/धार । श्रावण सोमवार के पावन अवसर पर सदभावना मंच द्वारा भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था से ओतप्रोत राजगढ़ के मंशा महादेव मंदिर (मालीपुरा) से झिर्णेश्वर धाम तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। सुख, शांति और समृद्धि के संकल्प के साथ आयोजित इस विशाल धार्मिक यात्रा में हजारों की संख्या में शिव भक्त शामिल हुए और झिर्णेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
सुबह 9:30 बजे मंशा महादेव मंदिर में सदभावना मंच के संरक्षक एवं क्षेत्रीय विधायक प्रताप ग्रेवाल,मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा,नगर परिषद अध्यक्ष सवेरा महेश जायसवाल, उपाध्यक्ष दीपक जैन तथा जिला उपाध्यक्ष रघुनंदन शर्मा ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कावड़ यात्रा प्रारंभ हुई।
पांच धाम एक मुकाम माताजी मंदिर के पुरुषोत्तम भारद्वाज, ज्योतिषाचार्य सुभाष शर्मा तथा खेतलाजी धाम के गादीपति लक्की कटारिया ने यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
कंधों पर कावड़,हाथों में भगवा ध्वज,साथ ही में श्रद्धालुओं के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी लिये चल रहे थे और जुबां पर "हर-हर महादेव" तथा "बोल बम" के जयघोष के साथ राजगढ़ और सरदारपुर नगर पूरी तरह शिवमय दिखाई दिए। ढोल-नगाड़ों, डीजे और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहे।
कई स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत
कावड़ यात्रा के दौरान राजगढ़ और सरदारपुर नगर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, नागरिकों और धर्मप्रेमी लोगों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह जलपान और स्वल्पाहार की व्यवस्थाएं भी की गईं।
यह रहा यात्रा का पूरा मार्ग
कावड़ यात्रा सुबह 10:30 बजे मंशा महादेव मंदिर, मालीपुरा से प्रारंभ होकर तीन बत्ती चौराहा,हाथी वाला मंदिर,लाल दरवाजा,चबूतरा चौक,लोहार मंदिर गली,जवाहर मार्ग,मेन चोपाटी,राजेंद्र द्वार,पुराना बस स्टैंड और मंडी रोड होते हुए सरदारपुर पहुंची।
इसके बाद यात्रा माही नदी,श्रीराम चौक,टंट्या मामा चौराहा,बस स्टैंड,भोपावर मार्ग और फोरलेन चौराहा होते हुए झिर्णेश्वर धाम पहुंची, जहां महाआरती के बाद महाप्रसादी तथा अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण किया गया।
झिर्णेश्वर धाम में हुआ जलाभिषेक
श्रद्धालुओं ने अपने कंधों पर पवित्र जल लेकर झिर्णेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और पूरे क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। यात्रा मार्ग में लगातार "हर-हर महादेव", "बम-बम भोले" और "बोल बम" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कावड़ यात्रा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, पूर्व विधायक पांचीलाल मेड़ा, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष रोहित कामदार और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी ने भी शामिल होकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल पडियार, भेरूसिंह बड़गोता, रविन्द्र पाटीदार, सुरेन्द्रसिंह पटेल, पुष्पेन्द्रसिंह राठौर, मोहनलाल मुकाती, राजेन्द्र लोहार, जीवनसिंह सिसौदिया, बलराम यादव, ब्रजेश ग्रेवाल, प्रभु रेवर, भानुप्रतापसिंह, निलेश सिंगार, भारत सिंगार, बलराम मकवाना, राजेश गुण्डिया, बलदेव मकवाना, पंकज राठौड, दिनेश बैरागी, धारासिंह सिंगार, आकर्ष शर्मा, अम्बर गर्ग, विक्की यादव, नीरज कटारे, बबलू सोनेर, परवेज लोदी, राकेश शर्मा, आर्यन मेड़ा, अनिल गोखले, मोहित जाट, अर्जुन गेहलोत, शंकरदास बैरागी, केकड़िया डामोर, प्रभुलाल जाट, बाबूसिंह राजपूत, तुषार गौराना, महेश डामोर, चेतन जाट, अरविन्द जाट, भरत झुन्झे, गजराज भूरिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सदभावना मंच ने जताया आभार
सदभावना मंच ने कावड़ यात्रा को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, नागरिकों, प्रशासन, पुलिस और व्यवस्था में सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



