मुंबई। 2026 के कान्स फिल्म फेस्टिवल में जब अभिनेत्री रुचि गुर्जर ने जबरन घूंघट प्रथा के खिलाफ अपनी अनोखी प्रस्तुति से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं,तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि कुछ ही समय बाद वह एक बार फिर बिल्कुल अलग अंदाज में चर्चा का विषय बन जाएंगी। इस बार वजह उनका भगवा-लाल वस्त्रों में नजर आना, गले में कई रुद्राक्ष मालाएं पहनना और नंगे पैर मुंबई एयरपोर्ट पर दिखाई देना है।
रुचि गुर्जर का यह बदला हुआ रूप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके इस लुक को देखकर प्रशंसकों और मनोरंजन जगत में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रुचि गुर्जर ने आध्यात्मिक जीवन अपना लिया है? क्या उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बना ली है?
कान्स फिल्म फेस्टिवल में रुचि गुर्जर ने पारंपरिक राजस्थानी परिधान और घूंघट पहनकर जबरन घूंघट प्रथा का विरोध किया था। उनका कहना था कि उनका घूंघट चुप्पी का प्रतीक नहीं बल्कि विरोध का संदेश है। उन्होंने महिलाओं को अपनी पसंद से जीवन जीने और निर्णय लेने की स्वतंत्रता का समर्थन किया था। उनके इस कदम ने महिलाओं के अधिकार, परंपरा और सामाजिक सोच को लेकर देशभर में नई बहस छेड़ दी थी।
अब उसी अभिनेत्री का योगिनी जैसे रूप में सामने आना लोगों के बीच नई अटकलों को जन्म दे रहा है।
सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने के बाद रुचि गुर्जर आध्यात्मिक जीवन की ओर आकर्षित हुई हैं। वहीं कुछ का कहना है कि यह किसी नई फिल्म या वेब सीरीज में निभाए जाने वाले किरदार की तैयारी भी हो सकती है। कई प्रशंसकों का यह भी मानना है कि अभिनेत्री शायद फिल्मी दुनिया से दूरी बनाने का मन बना चुकी हैं।
हालांकि,इन सभी चर्चाओं के बीच रुचि गुर्जर या उनकी टीम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न तो उन्होंने इन खबरों का खंडन किया है और न ही किसी प्रकार की पुष्टि की है। उनकी चुप्पी के कारण अफवाहों का दौर लगातार बढ़ता जा रहा है।
अभिनेत्री के करीबी लोगों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उनके अनुसार रुचि पिछले कुछ समय से आध्यात्मिक गतिविधियों और धार्मिक आयोजनों में रुचि ले रही हैं, लेकिन उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दी है, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह बदलाव रुचि गुर्जर की निजी आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा है, किसी नए प्रोजेक्ट की तैयारी है या फिर उनके जीवन का एक नया अध्याय। इसका जवाब फिलहाल केवल रुचि गुर्जर ही दे सकती हैं।
जब तक अभिनेत्री स्वयं सामने आकर स्थिति स्पष्ट नहीं करतीं, तब तक मनोरंजन जगत में एक ही सवाल गूंजता रहेगा—कान्स में घूंघट के जरिए अपनी आवाज बुलंद करने वाली रुचि गुर्जर क्या अब योग और अध्यात्म की राह पर चल पड़ी हैं, या यह उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा सरप्राइज है?

