रोटरी क्लब राजगढ़ का 20वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न,आहार केंद्र के दानदाताओं का हुआ सम्मान






 



  राजगढ़ (धार)। रोटरी क्लब राजगढ़ का 20वां अधिष्ठापन दिवस एवं आहार केंद्र के दानदाताओं का सम्मान समारोह गुरुमणी वाटिका में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने, नए सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपने और आहार केंद्र की सेवा को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटेरियन मुकेश साहू,निर्वाचित मंडल अध्यक्ष 2027-28, रोटरी मंडल 3040 ने कहा कि “सेवा ही सर्वोपरि है और मानव सेवा ही माधव सेवा है।” उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब राजगढ़ द्वारा पिछले 15 वर्षों से आहार केंद्र के माध्यम से की जा रही सेवा अनुकरणीय और प्रशंसनीय है। अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए आहार केंद्र की सेवा अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है।

  नए कार्यकाल के लिए रोटेरियन मोहन पाटीदार को अध्यक्ष तथा रोटेरियन प्रकाश वर्फा को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। रोटेरियन डॉ. सुनील मंडलेचा,रोटेरियन डॉ. अभय तातेड, रोटेरियन ऐश्वर्या शास्त्री,रोटेरियन अब्दुल हुसैन चक्कीवाला तथा आहार केंद्र संयोजक रोटेरियन द्वारका प्रसाद गोराना सहित नए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को रोटरी,मंडल और समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प दिलाया गया।

  मुकेश साहू ने रोटरी से जुड़ने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रोटरी फाउंडेशन को अधिक से अधिक सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि रोटरी फाउंडेशन के माध्यम से डायलिसिस मशीन, पैथोलॉजी सेंटर, थैलेसीमिया उपचार, सीटी स्कैन मशीन सहित विभिन्न जनसेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

 कार्यक्रम में विशेष अतिथि थाना प्रभारी राजगढ़ समीर पाटीदार ने रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में क्लब के साथ सहयोग की इच्छा व्यक्त की। रोटेरियन संजय मेहता,सहायक मंडलाध्यक्ष 3040 ने क्लब की गतिविधियों का उत्साहवर्धन करते हुए आहार केंद्र सहित अन्य सेवा कार्यों की प्रशंसा की।

 त्रिस्तुतिक श्री संघ मध्यप्रदेश के अध्यक्ष सुरेश तांतेड़ ने आहार केंद्र की सेवा को सराहनीय बताते हुए भविष्य में कुछ नए स्थायी सेवा प्रकल्प शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने रोटरी क्लब को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। रोटेरियन देवेश वाजपेई, डीजीएस 2027-28, रोटरी मंडल 3040 भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

 समारोह के दौरान हुसैन बोहरा,मुस्तफा चक्कीवाला,कृष्णा शर्मा और रवि जाट को मुकेश साहू ने पिन लगाकर रोटरी की सदस्यता प्रदान की। उन्होंने क्लब में अधिक से अधिक ऊर्जावान और सेवाभावी सदस्यों को जोड़ने पर जोर दिया।

 आहार केंद्र को सहयोग देने वाले दानदाताओं का विशेष सम्मान किया गया। दानदाताओं का माला पहनाकर स्वागत किया गया और अतिथियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। आहार केंद्र के संयोजक रोटेरियन द्वारका प्रसाद गोराना तथा भोजन तैयार करने वाली मंजू बाई का भी सम्मान किया गया।

आहार केंद्र की सेवा में सुनील कोठारी,प्रेम जैन,राजेंद्र पटवारी,कुसुम अजनारे,गिरीश माली,नरहरि चौधरी,मनीष लपेटा,आशीष जैन,जय जैन,रत्नश्री नमकीन तथा सीता शर्मा सहित अनेक दानदाताओं का सहयोग रहा।

  कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन दिनेश सतपुड़ा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने रोटरी क्लब की गतिविधियों और सेवा कार्यों की जानकारी दी। नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन मोहन पाटीदार ने आगामी वर्ष में रोटरी क्लब के माध्यम से कई नए सेवा कार्य शुरू करने की बात कही तथा आहार केंद्र के लिए अधिक से अधिक सहयोग जुटाने की अपील की।

 कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथि परिचय रोटेरियन डॉ. सुनील मंडलेचा और डॉ. अभय तांतेड़ ने किया। अंत में सचिव रोटेरियन प्रकाश वर्फा ने सभी अतिथियों, दानदाताओं, सदस्यों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 समारोह में इनर व्हील से हबीबा बोहरा,मनीषा मेहता पेटलावद,आईसीआईसीआई बैंक से राधिका सहित रोटेरियन जुमाना चक्कीवाला,ममता मंडलेचा, श्रीमती वर्फा,हेमलता सतपुड़ा,गौराना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सदस्य उपस्थित रहे।