राजगढ़ में निकली भव्य तिरंगा वाहन रैली,देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर






 

 राजगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर परिषद द्वारा भव्य तिरंगा वाहन रैली निकाली गई। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा....

   राजगढ़/धार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 अगस्त को नगर परिषद राजगढ़ द्वारा भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। देशभक्ति के रंग में रंगी इस रैली में नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

  तिरंगा वाहन रैली का नेतृत्व तहसीलदार,नगर परिषद अध्यक्ष,उपाध्यक्ष,थाना स्टाफ,पार्षदगण एवं मनोनीत पार्षदों द्वारा किया गया। नगर परिषद राजगढ़ के अधिकारी एवं कर्मचारी भी हाथों में तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए।

  रैली नगर परिषद परिसर से प्रारंभ होकर राजगढ़ के प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों से गुजरी। इसके बाद रैली पुलिस थाना राजगढ़ होते हुए आदर्श मार्ग से निकली। इस दौरान देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से पूरा नगर देशभक्ति के माहौल में सराबोर नजर आया।

  रैली के दौरान नागरिकों में भी उत्साह देखने को मिला। प्रमुख मार्गों का भ्रमण करने के बाद तिरंगा वाहन रैली का समापन पुनः नगर परिषद परिसर में किया गया।

  समापन अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाना हम सभी का दायित्व है।