राजगढ़ में 24 अगस्त 2026 को सद्भावना मंच की 9वीं माही झिरनेश्वर शिव कावड़ यात्रा निकलेगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक में कार्ययोजना बनाई गई....
राजगढ़/धार। सद्भावना मंच राजगढ़-सरदारपुर द्वारा आयोजित 9वीं माही झिरनेश्वर शिव कावड़ यात्रा इस वर्ष श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार, 24 अगस्त 2026 को निकाली जाएगी। कावड़ यात्रा सुबह 9 बजे मालीपुरा स्थित मनसा महादेव मंदिर राजगढ़ से प्रारंभ होगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और सद्भावना मंच ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कावड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवार को नगर परिषद सभाकक्ष में सद्भावना मंच के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई और आवश्यक कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंच संरक्षक एवं विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि माही झिरनेश्वर शिव कावड़ यात्रा नगर सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यात्रा की तैयारियों को समय रहते पूरा करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
मंच के पत्रकार प्रभुसिंह रेवर ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि सद्भावना मंच के पदाधिकारी नगर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर समाजजनों एवं वार्डवासियों के साथ बैठक करेंगे तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को माही झिरनेश्वर शिव कावड़ यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश जायसवाल,उपाध्यक्ष दीपक जैन,पार्षद प्रतिनिधि निलेश सिंगार, भारत सिंगार,पार्षद राजेश गुड़िया,राजेंद्र लोहार,भानुप्रताप सिंह राठौर,पंकज राठौर,संदीप बारोड़,हिम्मतसिंह रेवर (नाना ठाकुर), हटेसिंह बारोड़,प्रवीण रेवर,राकेश बामणिया,शंकर मामा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
24 अगस्त को होने वाली माही झिरनेश्वर शिव कावड़ यात्रा को लेकर अब नगर में तैयारियां तेज होने की उम्मीद है। सद्भावना मंच द्वारा वार्ड स्तर पर संपर्क कर श्रद्धालुओं को यात्रा से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

