राजगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद, रोजगार मेला,उद्यम संवाद और किसानों के लिए एग्रीस्टेक अभियान का हुआ बड़ा आयोजन...
राजगढ़ (धार)। धार जिले के राजगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत जिला स्तरीय जनसंवाद एवं समस्या निराकरण शिविर का आयोजन शिव वाटिका में किया गया। सरदारपुर तहसील में आयोजित इस शिविर में आमजन की शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया,पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया और किसानों के लिए रबी वर्ष 2026-27 के एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान की शुरुआत भी की गई।
कार्यक्रम कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश पर आयोजित हुआ,जिसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी मौजूद रहे।
जनसंवाद में सुनी गई लोगों की समस्याएं
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने बिजली,पानी,सड़क,आवास,नगर परिषद,कृषि,शिक्षा और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार जल्द से जल्द निराकरण किया जाए और जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव हो, उन्हें मौके पर ही निपटाया जाए।
अधिकारियों ने क्षेत्र भ्रमण और निरीक्षण के दौरान लोगों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
614 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
जन विश्वास शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 614 हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जनपद पंचायत सरदारपुर के तहत 231 लोगों को लाभ मिला। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 132 हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा। नगर परिषद राजगढ़ में 147 और नगर परिषद सरदारपुर में 45 लोगों को लाभ मिला। शिक्षा विभाग ने 27, चिकित्सा विभाग ने 28 तथा कृषि विभाग ने 4 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
शिविर परिसर में अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए गए,जहां लोगों को सरकारी योजनाओं,पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
राजगढ़ में उद्यमियों के साथ हुआ सीधा संवाद
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत राजगढ़ में उद्यम संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के उद्योगपतियों,युवा उद्यमियों और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई।
सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र सरदारपुर का एमएसएमई विभाग की टीम ने निरीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, क्षेत्रीय उद्योग कार्यालय इंदौर के संयुक्त संचालक समर्थ सिंह मंडलोई, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र धार के महाप्रबंधक शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
युवा संगम रोजगार मेले में 18 युवाओं को मिले ऑफर लेटर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में औद्योगिक क्षेत्र की दो प्रतिष्ठित कंपनियों ने साक्षात्कार के माध्यम से 18 युवक-युवतियों का चयन किया।
चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए। जिला रोजगार अधिकारी सतीश डोडिया ने युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
किसानों के लिए शुरू हुआ एग्रीस्टेक और उर्वरक अभियान
रबी वर्ष 2026-27 की तैयारियों को लेकर एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता और अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान का जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
उप संचालक कृषि विजय चौरसिया ने बताया कि यह अभियान 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना, फॉर्मर आईडी तैयार कराना, ई-विकास प्रणाली से टोकन जनरेट करना, पैक्स सदस्यता बढ़ाना और केसीसी सैचुरेशन सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि किसानों और विभिन्न हितधारकों से मिले सुझावों के आधार पर ई-विकास प्रणाली 2.0 को पहले की तुलना में अधिक सरल,पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल,पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया,जिला एवं तहसील स्तर के अधिकारी,स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रशासन ने जनसंवाद,रोजगार,उद्योग और कृषि से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को एक मंच पर लाकर लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया।






