मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 : कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने दिए अधिकारियों को सख्त निर्देश,मुनादी से होगा व्यापक प्रचार






 




  धार। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने गुरुवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंच सके।

  बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोग इस अभियान की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर मुनादी कराई जाए तथा विभिन्न प्रचार माध्यमों का उपयोग करते हुए आमजन को शिविरों, योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

  कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिविरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें, नागरिकों से संवाद स्थापित करें तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।

  उन्होंने अभियान के दौरान स्थापित कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा अभियान की सतत मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की स्थिति उत्पन्न न हो।

 बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन को शासन की योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

 बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।