महिला एवं बाल विकास विभाग में पहली बार 80 परियोजना अधिकारियों को पदोन्नति,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री निर्मला भूरिया का जताया आभार






 




  धार । मध्यप्रदेश सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पहली बार 80 परियोजना अधिकारियों को सहायक संचालक पद पर पदोन्नति प्रदान की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हुई इस पहल को विभाग के इतिहास की सबसे बड़ी सामूहिक पदोन्नति माना जा रहा है। पदोन्नति सूची में इंदौर जिले के 9 परियोजना अधिकारियों को भी स्थान मिला है।

  पदोन्नति मिलने के बाद नवपदस्थ सहायक संचालकों ने भोपाल स्थित 74 बंगला निवास पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया से सौजन्य भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और मंत्री निर्मला भूरिया के सक्रिय प्रयासों से लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी हो सकी, जिससे अधिकारियों को उनकी योग्यता और अनुभव के अनुरूप नई जिम्मेदारी मिली है।

  महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 80 परियोजना अधिकारियों को सहायक संचालक पद पर पदोन्नत किया गया है। विभाग के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों को एक साथ पदोन्नति मिलने से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

  गौरतलब है कि मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने हाल ही में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने और पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ दिलाने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों के बाद विभागीय स्तर पर प्रक्रिया में तेजी लाई गई और पात्र अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ मिल सका।

  इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने सभी पदोन्नत सहायक संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं बल्कि जनसेवा की नई जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

  पदोन्नत सहायक संचालकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे नई जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे तथा विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य करेंगे।

इस अवसर पर इंदौर से राजेन्द्र मंडलोई, रवि शर्मा, विक्रमसिंह चौहान, चित्रा यादव, रेखा शर्मा, वर्षा चौहान सहित अन्य जिलों से आए पदोन्नत सहायक संचालक भी उपस्थित रहे।