मैहर। रक्षाबंधन से पहले मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी। मैहर में आयोजित राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन के दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 39वीं किस्त और रक्षाबंधन के विशेष शगुन की राशि एक साथ ट्रांसफर की गई।
सरकार की ओर से इस अवसर पर प्रत्येक पात्र लाड़ली बहना के खाते में कुल 1750 रुपये भेजे गए। इसमें लाड़ली बहना योजना की नियमित राशि के साथ रक्षाबंधन के लिए 250 रुपये का अतिरिक्त शगुन शामिल है। इस पूरी प्रक्रिया के लिए करीब 2148.30 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनका आर्थिक रूप से मजबूत होना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते का पर्व है, लेकिन सरकार महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
मैहर में मुख्यमंत्री ने मां शारदा के दर्शन किए और इसके बाद उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहनों का स्वागत किया। इस दौरान बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी और कार्यक्रम स्थल पर पुष्प वर्षा के माध्यम से उनका स्वागत किया गया।
लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी
मुख्यमंत्री ने मैहर से प्रदेशभर की लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त अंतरित की। जून 2023 में शुरू हुई इस योजना के तहत अगस्त 2026 तक 39 किस्तों में महिलाओं के खातों में 63 हजार 248 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई जा चुकी है।
वित्त वर्ष 2026-27 में लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सरकार ने आने वाले वर्षों में भी योजना जारी रखने की बात कही है।
अगले पांच साल तक जारी रहेगी योजना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों तक लाड़ली बहनों को योजना की राशि देने का निर्णय लिया है। उनके अनुसार इस अवधि में महिलाओं को 1 लाख 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखा जा रहा है, बल्कि स्व-सहायता समूहों और रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मैहर को 256 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
लाड़ली बहना सम्मेलन के साथ मुख्यमंत्री ने मैहर जिले को भी कई विकास कार्यों की सौगात दी। करीब 256 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।
इनमें शिक्षा,सड़क,जल संरक्षण,सिंचाई,स्वास्थ्य,पुलिस व्यवस्था और धार्मिक पर्यटन से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
मैहर में 25 करोड़ का आधुनिक स्टेडियम बनेगा
मुख्यमंत्री ने मैहर जिले के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। इनमें 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा बदेरा पहाड़ क्षेत्र में 132 केवी का विद्युत सब स्टेशन बनाने की घोषणा की गई है।
लिलजी जलाशय के नवीनीकरण पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मैहर में सुविधाओं से युक्त बड़ा अस्पताल बनाने की भी घोषणा हुई है। इसके अलावा 5000 गौवंश की क्षमता वाली बड़ी गौशाला बनाने की योजना भी बताई गई।
घुनवारा में आईटीआई और स्कूल उन्नयन
मैहर जिले के घुनवारा क्षेत्र में आईटीआई संस्थान स्थापित करने की घोषणा की गई है। साथ ही वहां स्कूल के उन्नयन का भी निर्णय लिया गया है।
लाड़ली बहना सम्मेलन में पहुंचे आल्हा गायन से जुड़े सभी समूहों को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
3500 हेक्टेयर भूमि को मिलेगा सिंचाई का लाभ
मैहर में धनवाही माइक्रो सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन भी किया गया। करीब 54 करोड़ रुपये की इस परियोजना से लगभग 3500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इसके साथ ही रामनगर में सांदीपनि विद्यालय और मां शारदा लोक के प्रथम चरण के विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।
कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण
मैहर में सांदीपनि विद्यालय के लिए करीब 48.24 करोड़ रुपये, ताला में शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए 7.58 करोड़ रुपये और अमरपाटन में बालक छात्रावास एवं आवास के लिए करीब 3.44 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण, जल गंगा संवर्धन अभियान, पुलिस कंट्रोल रूम, जूरा में शासकीय हाईस्कूल भवन और परशुराम धर्मशाला भवन से जुड़े कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।
महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए रोजगार और स्व-सहायता समूहों से जोड़ने पर सरकार का विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को वेतन में अतिरिक्त 5 हजार रुपये का लाभ देने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
सिंचाई और बिजली को लेकर भी घोषणा
मुख्यमंत्री ने विंध्य क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई सुविधा बढ़ाने की बात कही। बरगी नहर से क्षेत्र के किसानों को पानी उपलब्ध कराने और किसानों को दिन के समय भी सिंचाई के लिए बिजली देने की बात कही गई।
सरकार की ओर से पशुपालन और गौपालन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 19 धार्मिक स्थलों पर शराब की दुकानें बंद की गई हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों से लगातार संवाद बनाए रखने और उन्हें नशे से दूर रखने की अपील की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
मैहर में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें भी शामिल हुईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, आर्थिक आत्मनिर्भरता और परिवारों का मजबूत भविष्य सरकार की प्राथमिकताओं में है। मैहर से लाड़ली बहनों के खातों में 1750 रुपये की राशि भेजने के साथ जिले को विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने से कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

