इंदौर में देश का पहला वर्चुअल चिड़ियाघर लॉन्च,14-D सिनेमा और वर्चुअल जंगल सफारी का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया लोकार्पण

इंदौर वर्चुअल चिड़ियाघर,देश का पहला वर्चुअल चिड़ियाघर,मुख्यमंत्री मोहन यादव,14-D सिनेमा इंदौर,वर्चुअल जंगल सफारी,कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय,इंदौर न्यूज,मध्यप्रदेश न्यूज,Indore Virtual Zoo,Virtual Jungle Safari Indore






 


इंदौर में देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर, 14-D सिनेमा थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकार्पण किया....
     
 इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर को रविवार को वन्यजीव और तकनीक के क्षेत्र में एक नई सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर का लोकार्पण किया। इसके साथ ही करीब साढ़े 4 करोड़ रुपये की लागत से पीपीपी मॉडल पर तैयार 14-D सिनेमा थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी का भी शुभारंभ किया गया।

   मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर हमेशा कुछ बेहतर और अलग करने के लिए जाना जाता है। शहर निरंतर नवाचार और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्चुअल जंगल सफारी आमजन, बच्चों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगी।

वर्चुअल जंगल सफारी में मिलेगा जंगल का आभासी अनुभव

  वर्चुअल जंगल सफारी के माध्यम से लोगों को जंगल, वन्यजीव और प्राकृतिक वातावरण का तकनीक आधारित आभासी अनुभव मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे लोगों को मनोरंजन के साथ वन्यजीवों और प्रकृति को नए तकनीकी माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा। इस सुविधा से नगर निगम को आय भी प्राप्त होगी।

स्कूली बच्चों के साथ मुख्यमंत्री ने देखी 14-D फिल्म

  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों और स्कूली बच्चों के साथ 14-D सिनेमा थिएटर में बैठकर फिल्म का आनंद लिया। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे बेहद रोमांचक और अद्भुत अनुभव बताया। इसके बाद उन्होंने वर्चुअल जंगल सफारी का अवलोकन कर उसकी तकनीकी विशेषताओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

एक्वेरियम और फव्वारे का भी किया शुभारंभ

   कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट दबाकर फव्वारे का शुभारंभ किया। उन्होंने प्राणी संग्रहालय के एक्वेरियम में मौजूद रंग-बिरंगी मछलियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्राणी संग्रहालय में विकसित की गई नई सुविधाओं की सराहना की।

इंदौर में पर्यटन और मनोरंजन को मिलेगा नया आयाम

   14-D सिनेमा और वर्चुअल जंगल सफारी के शुरू होने से इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में आने वाले बच्चों और पर्यटकों को आधुनिक तकनीक के जरिए वन्यजीवों तथा प्रकृति को करीब से समझने का नया अनुभव मिलेगा। यह सुविधा इंदौर के पर्यटन आकर्षण को भी बढ़ा सकती है।

  कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट,सांसद शंकर लालवानी,महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित विधायक,एमआईसी सदस्य,जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।