धार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा,राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा शहर

धार तिरंगा यात्रा 2026, हर घर तिरंगा अभियान, धार न्यूज, धार तिरंगा यात्रा, स्वतंत्रता दिवस 2026, धार किला मैदान, हर घर तिरंगा धार, विकसित भारत 2047, Dhar Tiranga Yatra, Har Ghar Tiranga





 

धार में हर घर तिरंगा अभियान के तहत किला मैदान से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर,एसपी,विद्यार्थी, नागरिक और विभिन्न संगठनों ने लिया हिस्सा....

 धार । स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन धार के मार्गदर्शन में 13 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। “आओ मिलकर वचन निभाएं, हर घर तिरंगा लहराएं” के संदेश के साथ आयोजित इस यात्रा में नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शासकीय अमले ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किला मैदान धार से हुआ। यात्रा घोड़ा चौपाटी,मोहन टॉकीज,धानमंडी,आनंद चौपाटी,राजवाड़ा,पो चौपाटी,नालछा दरवाजा,राजेंद्र मार्ग,पट्ठा चौपाटी और भाजी बाजार होते हुए पुनः धानमंडी, मोहन टॉकीज और घोड़ा चौपाटी से किला मैदान पहुंची।

  इस दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान “हर घर तिरंगा”, “राष्ट्र प्रथम” और “विकसित भारत @2047” के संकल्प से जुड़े संदेश भी दिए गए।

  कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति निष्ठा, सम्मान और गौरव की अभिव्यक्ति है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण के अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

  पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता से ही पूरा होगा।

  तिरंगा यात्रा में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी,प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत, आजीविका मिशन, सामाजिक संस्थाएं, जन अभियान परिषद, रोटरी क्लब, होमगार्ड टीम सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

  यात्रा में सीएम राइज स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 धार, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय धार, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धार, शासकीय पीजी कॉलेज धार और शासकीय कन्या महाविद्यालय धार के विद्यार्थी एवं स्टाफ भी शामिल रहे।

  जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों,युवाओं और सामाजिक संगठनों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने, घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रप्रेम,राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत @2047 के संकल्प को मजबूत बनाने की अपील की।