धार। धार जिले के किसानों के लिए राहत और सुविधा से जुड़ा बड़ा अभियान शुक्रवार 21 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी ने बताया कि रबी वर्ष 2026-27 के लिए एग्रीस्टेक पंजीयन, PACS सदस्यता और अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान का जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम सरदारपुर विकासखंड के राजगढ़ स्थित शिव वाटिका गार्डन,मेला मैदान में सुबह 10 बजे आयोजित होगा।
यह अभियान 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक पूरे जिले में चलेगा। इसका उद्देश्य किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना, Farmer ID बनवाना, ई-विकास प्रणाली से उर्वरक टोकन जारी करना, बकेटिंग के लंबित मामलों का निराकरण करना, पात्र किसानों को PACS की सदस्यता दिलाना और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) सैचुरेशन को बढ़ावा देना है।
सभी विभागों को दिए गए सख्त निर्देश
मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी ने कृषि और कृषि से जुड़े सभी विभागों एवं संस्थाओं को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने अधीनस्थ मैदानी अमले के साथ निर्धारित समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
किसानों को क्या मिलेगा फायदा?
* Farmer ID बनाने की सुविधा
* PACS सदस्यता का लाभ
* ई-विकास प्रणाली से उर्वरक टोकन
* अग्रिम उर्वरक उठाव की व्यवस्था
* लंबित बकेटिंग प्रकरणों का समाधान
* KCC सैचुरेशन अभियान का लाभ
राजगढ़ में होने वाले इस कार्यक्रम के बाद जिलेभर में अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा,ताकि रबी सीजन से पहले किसानों तक आवश्यक सेवाएं और उर्वरक व्यवस्थित रूप से पहुंच सकें।

