धार। धार जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने अपने शासकीय निवास एवं कलेक्टर कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत कलेक्टर राजीव रंजन मीना द्वारा शासकीय निवास पर ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर कार्यालय परिसर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
इस अवसर पर कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय, सहायक कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।
धार जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में भी देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे जिले में राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया।

