राजगढ़ (धार) के श्री खेड़ापति हनुमानजी मंदिर, मोहनखेड़ा तीर्थ में श्रावण मास के प्रथम दिवस मास रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। 1008 पौधारोपण अभियान के तहत पौधारोपण किया गया तथा डॉ. मनोहर लाल जैन का जन्मदिवस धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाया गया।
राजगढ़ (धार)। पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिवस पर राजगढ़ स्थित श्री खेड़ापति हनुमानजी मंदिर, श्री मोहनखेड़ा तीर्थ में धार्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ मास रामायण पाठ का पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोकप्रिय समाजसेवी डॉ. मनोहर लाल जैन का जन्मदिवस भी धार्मिक अनुष्ठानों, विशेष आरती एवं 1008 पौधारोपण अभियान के तहत पौधारोपण कर उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री हनुमानजी के पूजन एवं विशेष आरती से हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने मास रामायण पाठ का शुभारंभ किया और क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति तथा विश्व कल्याण की कामना की। धार्मिक आयोजन के दौरान डॉ. बलबहादुर सिंह राठौड़ के 1008 पौधारोपण लक्ष्य के अंतर्गत मंदिर परिसर एवं आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के लोकप्रिय चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. मनोहर लाल जैन का जन्मदिवस भी श्रद्धा और सादगी के साथ मनाया गया। उनका शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया। उपस्थित नागरिकों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करते हुए जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सराफा एसोसिएशन, भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट, मातृशक्ति संगठन एवं वाइब्रेंट वुमन्स कम्युनिटी क्रॉप्स क्लब सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष निलेश सोनी, आजाद फरबदा, महाराणा राजपूत समाज अध्यक्ष मोतीसिंह राठौर, सोनी समाज अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी, मानव अधिकार परिषद के प्रेमकुमार वैद्य, अजय वैद्य, योगेंद्र तिवारी, झमकलाल चौधरी, डॉ. सचिन द्विवेदी, सीरवी समाज प्रमुख शम्भूलाल परवार, जनप्रतिनिधि पप्पू गामड़, रामु भाभर, मुन्ना कामदार, महेंद्र राजपूत, सामाजिक कार्यकर्ता अक्षय भंडारी, मितांशु सोनी, सुरेश जाट, मातृशक्ति संगठन से उर्मिला कुशवाह तथा वाइब्रेंट वुमन्स क्लब अध्यक्ष ललिता जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। धार्मिक आयोजन के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश समाज के लिए प्रेरणादायक रहा।

