राजगढ़ (धार) नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल की बदहाल व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने मुख्य पालिका अधिकारी श्रीमती ज्योति सुनारिया को ज्ञापन सौंपा है। पार्षदों में रितु निलेश सोनी, कंकुबाई शंभू परवार, नितिन जैन (चिंटू), पंकज बारोड़, मुकेश खि्मुर, रमेशसिंह राजपूत और अंजली अजय जायसवाल ने संयुक्त रूप से नगर में पानी की आपूर्ति और गुणवत्ता में सुधार की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर में पानी की आपूर्ति को नियमित किया जाए और घोषित समय-सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो। पार्षदों ने शिकायत की है कि नलों के माध्यम से मिलने वाला पानी पीने योग्य नहीं है, इसलिए इसे तत्काल सुधार कर नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि पानी की कमी को पूरा करने के लिए नगर के उचित स्थानों पर नए ट्यूबवेल खुदवाए जाएं और जब तक जलापूर्ति की व्यवस्था सामान्य नहीं हो जाती, तब तक नगर में टैंकरों के जरिए नागरिकों को पीने का पानी वितरित किया जाए। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर धार और अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सरदारपुर को भी भेजा है ताकि मामले में त्वरित कार्रवाई हो सके।


