जमशेदपुर की अनुष्का ने सोशल मीडिया और पढ़ाई के बीच बनाया शानदार संतुलन, हासिल किया जिला स्तर पर चौथा स्थान
जहां आज के समय में सोशल मीडिया को अक्सर पढ़ाई से भटकाव का कारण माना जाता है, वहीं टेल्को की अनुष्का ठाकुर ने अपनी मेहनत और अनुशासन से इस सोच को बदलकर रख दिया है। कैमरे के सामने आत्मविश्वास के साथ व्लॉगिंग करना, फैमिली के साथ मस्ती भरे वीडियो बनाना, ट्रेंडिंग गानों पर डांस रील्स तैयार करना और दूसरी तरफ पढ़ाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में चौथा स्थान हासिल करना... अनुष्का की कहानी आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। जमशेदपुर विद्या भारती चिन्मया विद्यालय की छात्रा अनुष्का ने आर्ट्स विषय में 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी पहचान है और बढ़ते फॉलोअर्स की वजह से उन्हें कई ब्रांड्स के कोलैबोरेशन भी मिलते हैं। इसके बावजूद उन्होंने कभी अपनी पढ़ाई को पीछे नहीं होने दिया।
अनुष्का मानती हैं कि सोशल मीडिया तभी तक अच्छा है, जब तक वह आपकी जिंदगी और लक्ष्य पर हावी न हो। उन्होंने पढ़ाई और कंटेंट क्रिएशन के बीच ऐसा संतुलन बनाया कि दोनों में ही अपनी अलग पहचान कायम कर सकीं। परीक्षा के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पूरा ध्यान पढ़ाई पर लगाया और नियमित रूटीन के साथ तैयारी की।
उनकी मां निशा ठाकुर और पिता राजेश कुमार ठाकुर बताते हैं कि अनुष्का शुरू से ही अपने काम को लेकर गंभीर रही हैं। चाहे पढ़ाई हो या सोशल मीडिया, उन्होंने हर चीज को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से किया। अनुष्का की सफलता इस बात का उदाहरण है कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत लगातार की जाए, तो क्रिएटिविटी और पढ़ाई एक-दूसरे की रुकावट नहीं बल्कि सफलता की नई पहचान बन सकती हैं। आज अनुष्का की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे टेल्को और शहर के लिए गर्व की बात बन गई है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सपनों को पूरा करने के लिए जरूरी सिर्फ मेहनत, अनुशासन और खुद पर विश्वास होता है।



