पिटोल । युगप्रभावक पुण्यसम्राट गुरुदेव श्रीमद् विजय जयन्तसेन सूरिश्वर जी महाराजा समुदायवर्ती परम पूज्य साध्वी श्री मयूरकलाश्री जी आदि ठाणा का गुजरात बॉर्डर स्थित पिटोल में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इस पावन अवसर पर दर्शन वंदन करने एवं आगामी चातुर्मास की विनती करने के लिए त्रिस्तुतिक जैन श्री संघ, राजगढ़ का एक विशाल प्रतिनिधिमंडल विशेष रूप से पिटोल पहुँचा।
राजगढ़ श्री संघ के अध्यक्ष संदीप खंजाची एवं संरक्षक सुरेश तातेड के नेतृत्व में समाजजनों ने साध्वी भगवंतों के समक्ष राजगढ़ में चातुर्मास करने हेतु सामूहिक विनती प्रस्तुत की। चातुर्मास विनती के इस पावन कार्य के लिए राजगढ़ के श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा गया, जहाँ लगभग छह गाड़ियों के काफिले के साथ बड़ी संख्या में समाजजन पिटोल पहुँचे।
इस अवसर पर साध्वी श्री जी से चातुर्मास का निवेदन करने के लिए श्री संघ के अनेक वरिष्ठ एवं उत्साही श्रावक उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से अशोक भण्डारी, राकेश राजावत, राकेश हरण, सुनील छजलानी, संजय पूराणी, सुभाष चत्तर, दिनेश चत्तर, निलेश सराफ, अक्षय भण्डारी, राजेन्द्र भण्डारी, हेमन्त रोकडिया, सोनू भण्डारी और दिलीप जैन सहित अन्य गणमान्य समाजजन मौजूद थे। सभी ने साध्वी भगवंतों के श्रीचरणों में भावपूर्ण वंदन कर राजगढ़ की धर्मप्रेमी जनता की ओर से औपचारिक विनती पत्र प्रस्तुत किया।
पिटोल में साध्वी श्री जी के मंगल प्रवेश के दौरान संपूर्ण वातावरण धर्ममय और भक्तिमय हो गया। राजगढ़ श्री संघ को पूर्ण आशा है कि साध्वी श्री जी अपनी महती कृपा बरसाते हुए राजगढ़ नगर को चातुर्मास का पावन लाभ प्रदान करेंगी। साध्वी श्री जी का आगामी विहार झाबुआ होते हुए सुप्रसिद्ध तीर्थ मोहनखेड़ा की ओर होगा।



