BREAKING NEWS
latest
TIMES OF MALWA
DIGITAL SERVICES
PR • MEDIA PROMOTION • SEO • NEWS COVERAGE • CGI ADS • SOCIAL MEDIA
TIMES OF MALWA
PR • SEO • CGI ADS • NEWS PROMOTION
VISIT NOW

राजगढ़ में शांति समिति की बैठक : कानफोड़ू डीजे पर रहेगा प्रतिबंध,हुड़दंगियों पर होगी पुलिस की पैनी नजर




 



   राजगढ़/धार। आगामी त्योहारों को उल्लास और शांति के साथ मनाने के उद्देश्य से नगर परिषद सभाकक्ष में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीओपी विश्वदीप परिहार ने सख्त लहजे में कहा कि नगर में 'कानफोड़ू' डीजे बजाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि 60-70 डेसिबल से अधिक शोर न केवल सेहत के लिए हानिकारक है, बल्कि कानूनन अपराध भी है।

   बैठक में थाना प्रभारी समीर पाटीदार,नप उपाध्यक्ष दीपक जैन, नगर परिषद लेखापाल रघुनाथ वसुनिया, तहसील पटवारी और विद्युत मंडल के मनीष भामरे सहित पार्षदगण, पत्रकार और विभिन्न आयोजन समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा न करने की अपील करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा। विशेष रूप से होली और रंगपंचमी के दौरान 'रोको-टोको' अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत नशे में तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों को न केवल समझाइश दी जाएगी, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।

  नगर परिषद सभाकक्ष उपाध्यक्ष दीपक जैन द्वारा जानकारी दी गई कि रंगपंचमी का मुख्य आयोजन नए बस स्टैंड पर सुबह 11 बजे से होगा,जहाँ पानी की फुहारों के बीच सामूहिक उत्सव मनाया जाएगा। यहाँ महिला और पुरुष वर्ग के लिए पृथक व्यवस्थाएं और स्वल्पाहार का प्रबंध रहेगा। बैठक के दौरान नगरवासियों ने प्रेशर हॉर्न के विरुद्ध कार्रवाई और आवारा पशुओं की समस्या को प्रमुखता से उठाया। हाट बाजार में गोवंश के अवैध व्यापार और पशु क्रूरता की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही गई। साथ ही, नगर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक और उनकी नसबंदी का मुद्दा भी गरमाया,जिस पर यह तथ्य सामने आया कि फिलहाल कोई एजेंसी कुत्तों की नसबंदी के लिए तैयार नहीं हो रही है।
« PREV
NEXT »