राजगढ़ (धार) । नगर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की दिशा में शनिवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। धार पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने राजगढ़ में जनसहयोग से स्थापित अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क का विधिवत शुभारंभ किया। एसपी ने पुलिस थाना राजगढ़ में नवनिर्मित कंट्रोल रूम का फीता काटकर उद्घाटन किया और नगर की डिजिटल निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया।
लोकार्पण से पूर्व थाना प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में मंचासीन अतिथि के रूप में एसपी मयंक अवस्थी, एएसपी पारुल बेलापुरकर, एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार और तहसीलदार मुकेश बामनिया उपस्थित रहे। इस दौरान प्रोजेक्ट के सूत्रधार अमर कमेड़िया ने पूरी कार्ययोजना का विवरण देते हुए तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की। इस अवसर पर सीसीटीवी प्रोजेक्ट में सहयोग करने वाले दानदाताओं, नागरिकों और संस्थाओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा शील्ड व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। फिलहाल नगर के 13 प्रमुख स्थानों पर 42 कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं, जबकि तीन अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगाना पुलिस और जनता के आपसी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इन कैमरों में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का समावेश किया गया है, जो संदिग्ध गतिविधियों को पहचानने में पुलिस की 'खुफिया आई' का काम करेगी। उन्होंने समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए युवाओं को इससे दूर रहने, महिला सुरक्षा के लिए 'अभिमन्यु अभियान' से जुड़ने और साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की अपील की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने कहा कि वर्तमान समय में सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच हैं, जो अपराधों की जांच में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नगर की सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने हेतु मोहनखेड़ा तीर्थ के श्री आदिनाथ राजेन्द्र जैन श्वे पेढ़ी ट्रस्ट मैनेजिंग ट्रस्टी सुजान मल सेठ, डॉ. एमएल जैन, ग्राम धुलेट के प्रमुख बाबूलाल चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष आशीष जैन, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष नीलेश सोनी, नया बस स्टैंड व्यापारी एसोसिएशन से मनोज माहेश्वरी, समाजसेविका सीमा जैन, मुस्लिम समुदाय से शौकत खान, भाजपा नेता नवीन बानिया और बोहरा समाज की ओर से हुसैन अली बोहरा ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। कार्यक्रम का कुशल संचालन नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक जैन द्वारा किया गया। अंत में थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
मीडिया से चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने कहा कि—"अपराध नियंत्रण और शहर की बेहतर निगरानी के लिए तकनीक का होना अत्यंत आवश्यक है। जनसहयोग से लगे ये कैमरे पुलिस के लिए मददगार साबित होंगे और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने में सहायता करेंगे। मैं इस नेक कार्य में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करता हूँ।"
इस तकनीकी अपग्रेड को अंजाम देने वाले विशेषज्ञ अमर कमेड़िया और विनोद पाटीदार ने बताया कि ये कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस हैं, जो इंसानों और जानवरों को अलग-अलग पहचानने के साथ ही वाहनों की नंबर प्लेट को ऑटो-फोकस कर नंबर स्कैन करने में सक्षम हैं। AI आधारित इन कैमरों के अलग-अलग एंगल्स और उन्नत फीचर्स से अब संदिग्ध गतिविधियों पर सटीक नजर रखी जा सकेगी।






