राजगढ़ (धार)। नगर के हृदय स्थल पर स्थित हाथी वाला महावीर मंदिर में आगामी 31 मार्च, मंगलवार को भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। वर्ष 2019 में प्रतिष्ठित हुए इस भव्य जिनालय की वर्षगांठ और भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक महोत्सव इस बार ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। सोमवार, 16 मार्च की रात्रि को सकल जैन श्रीसंघ की बैठक में इस महापर्व की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
शिखर पर लहराएगी 24 ध्वजा
हाथी वाला महावीर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पावन स्मृति दिवस (वर्षगांठ) के उपलक्ष्य में इस वर्ष मंदिर के शिखर पर 24 ध्वजा चढ़ाई जाएगी, जो नगर की सुख-समृद्धि और अटूट श्रद्धा का प्रतीक होगी। 31 मार्च को प्रातः 8:00 बजे मंत्रोच्चार के साथ ध्वजा रोहण और विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन होगा। इसके पश्चात ओसवाल धर्मशाला (शनि गली) में भव्य स्वामीवात्सल्य (भोज) का आयोजन रखा गया है।
नगर में निकलेगा भव्य वरघोड़ा
जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर दोपहर 1:00 बजे नगर के प्रमुख मार्गों से प्रभु का भव्य वरघोड़ा (जुलूस) निकाला जाएगा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और भक्ति भजनों के साथ निकलने वाले इस वरघोड़े में समाजजन बड़ी संख्या में शामिल होकर प्रभु की भक्ति का लाभ लेंगे।
साधु-संतों की निश्रा हेतु विशेष समिति
आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान करने के लिए सकल जैन श्रीसंघ द्वारा एक विशेष समिति का गठन किया गया है। यह समिति राजगढ़ के आसपास विराजित पूज्य आचार्य भगवंतों, मुनिराजों एवं साधु साध्वी मंडल के दर्शन-वंदन कर उन्हें इस महोत्सव में मंगल निश्रा प्रदान करने हेतु विनम्र विनती करेगी। समिति के सदस्य 23 मार्च से मुनि भगवंतों को निश्रा प्रदान हेतु विनती करने का कार्य प्रारंभ करेंगे।
हाथी वाला महावीर मंदिर की वर्षगांठ और जन्मकल्याणक के इस संयुक्त उत्सव को लेकर संपूर्ण जैन समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्रीसंघ के पदाधिकारियों ने सभी समाजजनों से इन आयोजनों में सहभागी बनने की अपील की है।



