राजगढ़ (धार)। धर्मनगरी राजगढ़ में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। रविवार को नगर के समस्त शिवालयों में सुबह से ही विशेष अभिषेक, पूजन और आरती का दौर शुरू हो गया, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और प्रसादी वितरण के साथ पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया।
इस पावन अवसर पर मंशा महादेव मंदिर मालीपुरा से रविवार दोपहर में भगवान शिव की भव्य राजसी बारात निकाली गई। यह बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शाम को पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची। बारात का स्वरूप इतना आकर्षक था कि श्रद्धालुओं ने पलक पांवड़े बिछाकर बाबा भोलेनाथ का स्वागत किया। बारात में नंदी पर सवार भगवान शंकर और माता पार्वती की जीवंत झांकी, भूतों की टोली और शिव पालकी आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही सांवरिया सेठ की आकर्षक झांकी, झांझर-मंजीरा पार्टी,आकर्षक कार्टून वेशभूषा और लोक सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया गया। सेवाभावी संस्थाओं और नागरिकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जल व्यवस्था, खिचड़ी और कुल्फी आदि के स्टाल लगाए गए। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य गोविंद मोरी, सुनील बागवान, मनोज माली, मुकेश परमार, विनोद यादव, राजेश माली, मुन्ना मेघवाल, निलेश माली, अजय चौहान और दीपक माली सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी रही। आयोजन के अंत में आयोजकों का भी विभिन्न स्थानों पर सम्मान किया गया।










