BREAKING NEWS
latest
TIMES OF MALWA
DIGITAL SERVICES
PR • MEDIA PROMOTION • SEO • NEWS COVERAGE • CGI ADS • SOCIAL MEDIA
TIMES OF MALWA
PR • SEO • CGI ADS • NEWS PROMOTION
VISIT NOW

सिंहस्थ-2028 के भव्य आयोजन के लिये कृत-संकल्पित हैं हम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव




अमृत 2.0 के अंतर्गत 476 करोड़ रुपए लागत के सीवरेज कार्यों का भूमि-पूजन किया
मुख्यमंत्री ने होली के अवसर पर उज्जैन में नागरिकों के साथ खेली फूलों की होली

  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली के पावन अवसर पर उज्जैन में कालिदास अकादमी परिसर में नागरिकों के साथ फूलों की होली खेली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार देर रात अमृत 2.0 मिशन अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों तथा सिंहस्थ क्षेत्र में 476 करोड रुपए लागत के सीवरेज कार्यों का भूमि-पूजन किया। इससे 3 लाख से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।

  मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम उज्जैन के गौरव में उत्तरोत्तर वृद्धि के लिए सदैव प्रयासरत है। हम भाग्यशाली हैं जो उज्जैन जैसा स्वर्ग हमें मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले सिंहस्थ-2028 के भव्य आयोजन के लिए हम कृत-संकल्पित हैं। इसके अंतर्गत 2329 करोड़ के कार्य किये जा रहे हैं। जल संसाधन विभाग के 2533 करोड़ रुपए के तीन, ऊर्जा विभाग के 329 करोड रुपए के 6 कार्य किये जा रहे हैं। 9650 करोड़ रुपए के टू लेन तथा फोर लेन सड़क निर्माण किये जा रहे हैं। पर्यटन के 382 करोड़ रुपए, संस्कृति विभाग के 259 करोड़ रुपए के काम किये जा रहे हैं। मेडिसिटी में मेडिकल कॉलेज सहित अन्य उल्लेखनीय कार्य किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के समस्त कार्य जून 2027 में पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ का व्यापक एवं भव्य आयोजन हम सब की जिम्मेदारी है

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन औद्योगिक क्षेत्र में विश्व स्तरीय पेप्सीको कंपनी द्वारा वृहद स्तर की फैक्ट्री डाली जाएगी, जो आलू के चिप्स बनाएगी। उज्जैन को शीघ्र ही "जू" की सौगात मिलने वाली है।

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में देश और दुनिया भर के उद्योगपति निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। प्रदेश में गौ-दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य किया जा रहा है, जो भी नागरिक घर में भी गौ-पालन करेंगे उनको शासन द्वारा बोनस दिया जाएगा। असहाय निराश्रित गौ-माता का पालन शासन द्वारा किया जाएगा। इसके लिए शहरों में 10-10 हजार क्षमता की गौ-शालाएं निर्मित की जा रही है। प्रदेश में गौ-शालाओं को प्रति गौ-माता 20 के स्थान पर अब 40 रुपए अनुदान दिया जा रहा है। प्रदेश की केन-बेतवा, पार्वती-कालीसिंध-चंबल और ताप्ती नदी परियोजनाओं से आने वाले समय में 100 लाख हेक्टेयर भूमि में सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी। प्रदेश में मेट्रोपॉलिटन सिटी पर भी कार्य किया जा रहा है।

  कार्यक्रम में सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, पूर्व विधायक श्री राजेंद्र भारती, श्री रामलाल यादव, श्री संजय अग्रवाल उज्जैन संभाग आयुक्त श्री संजय गुप्ता तथा बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्ध जन एवं नागरिक आदि उपस्थित थे। 

« PREV
NEXT »