BREAKING NEWS
latest
TIMES OF MALWA
DIGITAL SERVICES
PR • MEDIA PROMOTION • SEO • NEWS COVERAGE • CGI ADS • SOCIAL MEDIA
TIMES OF MALWA
PR • SEO • CGI ADS • NEWS PROMOTION
VISIT NOW

सकल पंच गवली समाज ने हर्षोल्लास से मनाया भुजरिया पर्व,नगर में निकली भव्य शोभायात्रा



  राजगढ़ (धार)। क्षेत्र में लगातार हो रही अच्छी वर्षा और चहुंओर हरियाली के लिए सकल पंच यादव गवली समाज ने सावन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाजजन ने परंपरागत भुजरिया पर्व मनाते हुए नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा के दौरान नाच-गाकर भक्तिमय माहौल में सावन को विदाई दी गई।






समाज रत्न से सम्मानित

 सकल पंच गवली समाज के वरिष्ठ हम सबके प्रेरणा पुंज मार्गदर्शक शंकर लाल ररा को सकल पंच गवली समाज द्वारा समाज रत्न से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर टेका यादव, गणेश यादव, नंदा यादव , घनश्याम यादव, जसवंत यादव , मंगी यादव,  खेमचंद यादव, जगदीश यादव , देवा यादव ,काला यादव , भूरालाल यादव, दुलीचंद यादव, हरी यादव, गुड्डा यादव, प्रेम यादव, मुन्नालाल यादव, गोविंदा यादव आदि  उपस्थित रहे।


भुजरिया पर्व का महत्व और परंपरा

  भुजरिया पर्व को गवली समाज द्वारा खास तौर पर मनाया जाता है। इस पर्व की शुरुआत नागपंचमी से होती है और रक्षाबंधन के दूसरे दिन इसका समापन होता है। परंपरा के अनुसार, समाजजन खेतों से मिट्टी लाकर अपने घरों में टोकरी में ज्वार और गेहूं बोते हैं, जिनकी नई कोपलें निकलने पर इन्हें भुजरिया कहा जाता है। इन भुजरियों को बहन-बेटियों के रूप में विदाई दी जाती है और प्रकृति के प्रति आभार प्रकट किया जाता है। समाज का मानना है कि सावन के महीने में मवेशियों और खेतों को भरपूर लाभ मिलता है, इसलिए सावन को अच्छे से विदा करना आवश्यक है।


महाआरती व महाप्रसादी का आयोजन

  वही सकल पंच गवली समाज के राधा-कृष्ण मन्दिर पर महाआरती व महाप्रसादी का आयोजन किया गया।  मांगीलाल यादव परिवार ने इस आयोजन के लाभार्थी रहे।


शोभायात्रा का आयोजन

   मंगलवार को नगर में भुजरिया पर्व के उपलक्ष्य में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गवली मोहल्ले से प्रारंभ हुई, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। समाज के पुरुष वर्ग ढोल-ताशों की थाप पर नाचते हुए यात्रा की अगुवाई कर रहे थे, जबकि महिलाएं मंगल गीत गाते हुए पीछे-पीछे चल रही थीं। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी, खाटू श्याम जी की झांकी, और राधा-कृष्ण की चलित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी। 








समारोह का स्वागत और सम्मान

  शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जहां विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। चारभुजा युवा मंच, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राम पालकी सरकार, लाल दरवाजा फ्रेंड्स क्लब, सावरिया फ्रेंड्स क्लब, वाल्मीकि समाज, राजपूत समाज, नगर परिषद राजगढ़, भारतीय जनता पार्टी, भाजपा युवा मोर्चा, नीलू और बादल धानक मित्र मंडल समेत विभिन्न संस्थाओं ने पुष्पमालाओं से शोभायात्रा का स्वागत किया। 

   इस अवसर पर सकल पंच गवली समाज ने समाज के वरिष्ठजन शंकल लाल ररा और मांगीलाल  यादव का भगवा चौक पर सम्मान किया। इन दोनों वरिष्ठजनों को समाज के साथ सदैव खड़े रहने और उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सराहा गया।

समाज का आभार व्यक्त

सकल पंच गवली समाज के मीडिया प्रभारी तुषार यादव ने बताया कि समाज के सभी लोगों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया और सावन को धन्यवाद देते हुए अगले वर्ष भी भरपूर वर्षा की कामना की। उन्होंने सभी सहभागी संस्थाओं और समाज के सदस्यों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस पर्व को सफल बनाने में सहयोग दिया।

« PREV
NEXT »