राजगढ़ में 13 मंदिरों की श्रीमद् भागवत कथा के समापन पर धर्मयात्रा,अभिनेत्री नेहा मेहता समेत देशभर के कलाकार रहेंगे आकर्षण
राजगढ़। नगर में सनातन धर्म के 13 मंदिरों में चल रहे श्रीमद् भागवत सप्ताह महापुराण महोत्सव का समापन 26 सितंबर को भव्य धर्मयात्रा के साथ होगा। श्री चारभुजा युवा मंच द्वारा आयोजित यह धर्मयात्रा धार्मिक झांकियों,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों,बैंड दलों और देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगी।
श्री सनातन समाज राजगढ़ के तत्वावधान में निकलने वाली धर्मयात्रा 26 सितंबर को दोपहर 2 बजे श्री माताजी मंदिर परिसर से प्रारंभ होगी। मध्यप्रदेश के साथ दिल्ली, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से कलाकार एवं विभिन्न दल इसमें शामिल होंगे।
धर्मयात्रा में धार्मिक आस्था के साथ लोककला, संगीत, नृत्य और आकर्षक झांकियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार नगर में निकलने वाली यह धर्मयात्रा श्रद्धालुओं और नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
अभिनेत्री नेहा मेहता रहेंगी प्रमुख आकर्षण
सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में मंच के नवीन बानिया ने धर्मयात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकारों और दलों को आमंत्रित किया गया है।
धर्मयात्रा में अभिनेत्री नेहा मेहता की विशेष प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके अलावा श्री लड्डू गोपालजी की भव्य पालकी भी धर्मयात्रा में शामिल होगी।
धर्मयात्रा में श्री महावीर बैंड नरवर, श्री जवाहर मलखंभ रतलाम, झांझ पार्टी उज्जैन, अफ्रीकन आदिवासी टोली कर्नाटक,कांटरा टीम अहमदाबाद और महाराष्ट्र से तारक मेहता की झांकी अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
इसके साथ ही तेलंगाना का कथककली ग्रुप, कोटा का श्री महावीर राजस्थानी ग्रुप, दिल्ली की श्री द्रोपदी चीर हरण झांकी, पंजाब का श्री भटिंडा बैंड तथा रायपुर का छत्तीसगढ़ी सौदिया नृत्य भी धर्मयात्रा का हिस्सा रहेगा। वॉटरमैन रथ सहित अन्य आकर्षक झांकियां भी यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी।
जीतू धोरा और सोनाली ठाकरे की प्रस्तुति भी होगी
मंच के गोपाल माहेश्वरी ने बताया कि धर्मयात्रा में रतलाम के प्रख्यात म्यूजिकल ग्रुप के गायक जीतू धोरा और गायिका सोनाली ठाकरे भी अपनी प्रस्तुति देंगे। विभिन्न राज्यों से कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को बुलाकर धर्मयात्रा को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।
मंच अध्यक्ष कृष्णा बारोड़ ने सनातन समाज के सभी व्यापारियों से 26 सितंबर को अपना व्यापार-व्यवसाय बंद रखकर धर्मयात्रा में सहभागिता करने की अपील की।
प्रेसवार्ता का संचालन मंच मीडिया प्रभारी प्रभुसिंह राजपूत ने किया। आभार महासचिव सुजीत ठाकुर ने माना। इस अवसर पर मंच संरक्षक धारासिंह चौहान, गणेशलाल शर्मा, मुकेश माहेश्वरी, गोविंद मोरी, सचिव दीपक पटेल, कोषाध्यक्ष महेश राठौड़, राकेश सोलंकी, राजेंद्र पड़ियार, मनीष मकवाना, रवि पंवार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
13 मंदिरों में एक साथ हो रही श्रीमद्भागवत कथा
श्रीमद् भागवत महापुराण महोत्सव के तहत राजगढ़ के 13 मंदिरों में एक साथ श्रीमद् भागवत सप्ताह कथा का आयोजन किया जा रहा है। अलग-अलग मंदिरों में निर्धारित कथावाचकों द्वारा कथा वाचन किया जा रहा है।
श्री लालबाई फूलबाई मंदिर में कथावाचक श्री चंद्रप्रकाश दवे लाबरिया, श्री राधाकृष्ण राजपूत समाज मंदिर में आचार्यश्री कृष्णकांतजी उपाध्याय छड़ावद, तीन बत्ती स्थित श्रीराम मंदिर में पंडित सुनील शास्त्री भानगढ़, श्रीराम मंदिर दलपुरा में श्री मधुसूदनजी शर्मा फूलगांवड़ी, श्री चारभुजा मंदिर में ज्योतिषाचार्य श्री सुभाषजी शर्मा दत्तीगांव, श्री माताजी मंदिर में श्री हेमंतजी भारद्वाज, देववंशीय मालवीय लौहार समाज श्रीराम मंदिर में पंडित प्रकाशजी शर्मा सोनगढ़, मंडी प्रांगण स्थित श्री नागेश्वर महादेव मंदिर में पंडित अखिलेशजी शर्मा कंजरोटा, श्री राधाकृष्ण गवली समाज मंदिर में पंडित अभिमन्युजी शर्मा सोनगढ़, सेन समाज मंदिर में श्री शुभम शर्मा राजोद, श्री आईमाता मंदिर में श्री रवि शर्मा, श्री रामदेव मंदिर में श्री अभिषेकजी व्यास बालौदा तथा श्री शंकर मंदिर मालीपुरा में पंडित आनंदजी तिवारी द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है।
भजनों पर भावविभोर हो रहे श्रद्धालु
कथा स्थलों पर प्रतिदिन भागवत पीठ का पूजन, आरती और कथा वाचन किया जा रहा है। संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम रहे हैं।
13 मंदिरों में एक साथ चल रहे इस धार्मिक आयोजन के बाद 26 सितंबर को निकलने वाली धर्मयात्रा महोत्सव के समापन को भव्य स्वरूप देगी। आयोजकों ने धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
26 सितंबर को धर्मयात्रा की खास बातें
धर्मयात्रा का शुभारंभ: श्री माताजी मंदिर परिसर
समय: दोपहर 2 बजे
प्रमुख आकर्षण: अभिनेत्री नेहा मेहता
श्री लड्डू गोपालजी की भव्य पालकी
विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक एवं कलाकार दल
धार्मिक एवं आकर्षक झांकियां
जीतू धोरा और सोनाली ठाकरे की प्रस्तुति
मलखंभ, कथककली, राजस्थानी एवं छत्तीसगढ़ी लोक प्रस्तुतियां
विभिन्न बैंड दल और विशेष रथ



